जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र के बमनोदा बाईपास के पास स्थित एक बस स्टॉप पर गुरुवार को करीब 55 वर्षीय एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने बस स्टॉप पर शव पड़ा देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पनागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नहीं लग रहा है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवा दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव करीब 12 से 24 घंटे पुराना हो सकता है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही हैं, ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके।
इसके साथ ही पुलिस सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस मृतक के परिजनों तक पहुंचने और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने में जुटी हुई है।


