जबलपुर। शहर में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए क्राइम ब्रांच और थाना गोरखपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में मां-बेटा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 16 किलो 680 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 8 लाख 34 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई उस समय की गई जब क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ऐरावत चौक, हाथीताल क्षेत्र में एक महिला और एक पुरुष ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और गोरखपुर थाना पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम चंदन जैन (उम्र 37 वर्ष) और उसकी मां राजुल जैन उर्फ राजकुमारी जैन (उम्र 63 वर्ष) निवासी हाथीताल हाउसिंग बोर्ड, थाना गोरखपुर बताए।
तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद ट्रॉली बैग खुलवाकर जांच की गई, जिसमें कुल 16 पैकेटों में भरा गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर यह मात्रा 16 किलो 680 ग्राम निकली, जिसे पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया।
थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि दोनों लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े हो सकते हैं, हालांकि इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही की जाएगी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जानी थी। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में एक संगठित तस्करी गिरोह का हाथ हो सकता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है। क्राइम ब्रांच लगातार ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए है और शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान तेज किया जाएगा।


