दो युवक गंभीर रूप से घायल, रोटरी क्लब में मचा हड़कंप
जबलपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत रोटरी क्लब में आयोजित एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब देर रात क्लब के बाहर सड़क पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। इस सनसनीखेज घटना में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और शादी समारोह में शामिल लोग डर के कारण इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन प्रभारी अनूप कुमार नामदेव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस को मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी मिली कि घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेट्रो अस्पताल ले जाया गया है।
कैसे हुई घटना
मेट्रो अस्पताल में भर्ती घायल दुर्गेश पाण्डे (30 वर्ष) निवासी शिवनगर, भवानी फ्लावर के पास मदनमहल ने पुलिस को बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। वह अपने दोस्तों हर्ष यादव और श्रीकांत राय के साथ अपने मोहल्ले के मित्र गोलू सोंधिया की शादी में शामिल होने रोटरी क्लब गया था।
दुर्गेश के अनुसार, वे लोग शादी समारोह में खाना खाने के बाद रात करीब 11:30 बजे क्लब से बाहर निकले ही थे कि गेट के सामने सड़क पर अचानक दो एक्सिस वाहन आकर रुके। एक वाहन में तीन युवक सवार थे, जिनमें बीच में मुक्कू पटेल बैठा था। दूसरे वाहन को देवू पटेल चला रहा था, बीच में लकी पटेल और पीछे गुल्ली उर्फ अभिषेक गोस्वामी बैठा था।
जान से मारने की नीयत से की फायरिंग
पीड़ित के मुताबिक, जैसे ही दोनों वाहन पास आए, तभी लकी पटेल और गुल्ली उर्फ अभिषेक गोस्वामी ने अपने पास रखे पिस्टल से अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली दुर्गेश पाण्डे के बाएं पैर की जांघ में लगी, जबकि उनके साथी श्रीकांत राय के दाहिने हाथ की भुजा और पसली के पास गोली लगी। दोनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, वहीं शादी समारोह में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोग डर के कारण क्लब के अंदर ही छिप गए, जबकि कुछ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुरानी रंजिश बनी फायरिंग की वजह
पीड़ित दुर्गेश पाण्डे ने बताया कि उसके मोहल्ले के दोस्त लकी मिश्रा और पियूष सोनी का मुक्कू पटेल से लंबे समय से पुराना विवाद चला आ रहा है। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने बदले की भावना से शादी समारोह के दौरान सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
थाना सिविल लाइन पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 3(5) बीएनएस तथा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस भी बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मामला केवल आपसी रंजिश का नहीं, बल्कि शहर में बढ़ती हथियारों की अवैध उपलब्धता और अपराधियों के बढ़ते हौसले का भी संकेत देता है।
फिलहाल दोनों घायल युवकों की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


