26.8 C
Jabalpur
April 4, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

कार ट्रक से टकराई, दो युवकों की मौत, तीन घायल; शादी समारोह से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा



जबलपुर। थाना भेड़ाघाट क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सभी युवक शादी समारोह से लौटकर अपने घर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मी प्रसाद पटेल (42 वर्ष), निवासी कठौंदा ग्रीन सिटी माढ़ोताल ने थाना भेड़ाघाट में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका भतीजा यशवंत पटेल उर्फ साहिल अपने दोस्तों अभिनव पटेल, हर्ष पटेल, सौरभ पटेल और नमन तिवारी के साथ शिफ्ट कार क्रमांक एमपी 20 सीके 9390 से भेड़ाघाट रिसोर्ट में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहा था। कार को यशवंत पटेल उर्फ साहिल चला रहा था।
बताया गया कि कार के आगे एक ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 1394 चल रहा था। रात करीब 3:30 बजे जैसे ही कार ग्राम बहदन, जेसीबी कंपनी के सामने हाईवे रोड पर पहुंची, तभी ट्रक चालक ने तेज गति और लापरवाही से अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने के कारण पीछे से आ रही कार चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और कार सीधे ट्रक में जा घुसी।
इस टक्कर में कार चला रहे यशवंत पटेल उर्फ साहिल और आगे की सीट पर बैठे सौरभ पटेल को चेहरे, सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। दोनों की हालत इतनी गंभीर थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया।
कार की पिछली सीट पर बैठे हर्ष पटेल, अभिनव पटेल और नमन तिवारी को भी चेहरे, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायलों को उपचार के लिए मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान यशवंत पटेल उर्फ साहिल (22 वर्ष), निवासी कठौंदा पानी की टंकी के पास माढ़ोताल तथा सौरभ पटेल (25 वर्ष), निवासी कठौंदा माढ़ोताल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और मातम का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर थाना भेड़ाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर प्रकरण को जांच में लिया गया है। पुलिस ट्रक चालक की भूमिका, उसकी लापरवाही तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाना इस हादसे का मुख्य कारण हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।

अन्य ख़बरें

मध्य प्रदेश: रेलवे की पुरानी इमारत गिरने से एक व्यक्ति की मौत, दूसरा घायल

Newsdesk

मध्य प्रदेश: दमोह में सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौत

Newsdesk

डी डी धाम संकट मोचन दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर मालेगांव रांझी में मनाया गया हनुमान प्रकोटउत्सव

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading