April 11, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

यातायात नियमों का उल्लंघन और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई



इंदिरा मार्केट क्षेत्र में चला संयुक्त अभियान
जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों तथा अतिक्रमण कर सड़क पर अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गत दिवस अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में यातायात घमापुर, यातायात गढ़ा एवं थाना प्रभारी सिविल लाइन की उपस्थिति में जबलपुर पुलिस ने नगर निगम टीम के साथ मिलकर इंदिरा मार्केट क्षेत्र में संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान इंदिरा मार्केट से माल गोदाम चौक पुल नंबर एक तक तथा पेंटीनाका से सदर चौपाटी तक सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। कई दुकानदारों द्वारा दुकानों का सामान सड़क और फुटपाथ तक फैलाकर रखा गया था, जिससे आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। पुलिस और नगर निगम की टीम ने मौके पर दुकानदारों को समझाइश देते हुए सामान हटवाया और स्पष्ट किया कि सड़क एवं फुटपाथ आम जनता के उपयोग के लिए हैं, इन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान ऐसे दुकानदारों को भी चिन्हित किया गया जिन्होंने अपने प्रतिष्ठानों का सामान दुकान की सीमा के भीतर ही रखा था और किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया था। पुलिस विभाग द्वारा ऐसे दुकानदारों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया और भविष्य में भी नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
अभियान के साथ-साथ सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। मौके पर ही चालान काटे गए और वाहन चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, पैदल यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना और बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित करना है।
इसी क्रम में हाईवे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और मौतों की संख्या को कम करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा ओवरस्पीडिंग के खिलाफ विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। शहर से लगे हाईवे क्षेत्रों में तेज गति से वाहन चलाने वालों पर सख्त चालानी कार्रवाई की जा रही है। आज की कार्रवाई में कुल 17 वाहन चालकों के ओवरस्पीड के चालान बनाए गए, जिनसे कुल 18,500 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।
नगर निगम एवं यातायात पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नियमों का पालन करें, सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर में सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

अन्य ख़बरें

कलेक्टर ने विभिन्न ग्रामों का किया निरीक्षण ,पेयजल, निर्माण कार्य एवं रोजगार गतिविधियों को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

Newsdesk

दशगात्र कार्यक्रम में भोजन करने से लगभग 100 फूड पॉइजनिंग के शिकार

Newsdesk

दादा ने१९४६ में खरीदा था जमीन ,में खरीदार का कब्जा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading