जबलपुर। जबलपुर के स्टार सिटी (नक्षत्र नगर) क्षेत्र में रहने वाली एक महिला समेत पांच लोगों की राजस्थान में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सभी लोग धार्मिक यात्रा पर खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे। इस हृदयविदारक हादसे की खबर मिलते ही पूरे जबलपुर में शोक की लहर फैल गई है।
तेज रफ्तार कार ट्रेलर से टकराई
जानकारी के अनुसार यह हादसा राजस्थान के जयपुर जिले के चाकसू क्षेत्र में कोटा–जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। जबलपुर से निकली तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सभी शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका।
मृतकों की पहचान
हादसे में मरने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है—
अखिलेश श्रीवास्तव की पत्नी रेशमा श्रीवास्तव (निवासी स्टार सिटी, जबलपुर)
पीयूष राय (राजेश राय का पुत्र, निवासी ग्रीन सिटी, जबलपुर)
राहुल रजक (बबलू रजक का पुत्र)
अनुराग (कार चालक)
पांचवें मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
उज्जैन से शुरू हुई थी यात्रा
पीयूष राय के मामा ने बताया कि सभी लोग 12 फरवरी को उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। 13 फरवरी को महाकाल दर्शन के बाद सभी लोग राजस्थान के खाटूश्यामजी मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान जयपुर के चाकसू क्षेत्र में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
परिजन राजस्थान रवाना
हादसे की सूचना मिलते ही जबलपुर से सभी मृतकों के परिजन राजस्थान के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को जबलपुर लाया जाएगा।
मंत्री राकेश सिंह ने जताया शोक
मध्यप्रदेश शासन के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा—
“राजस्थान के कोटा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस भीषण सड़क हादसे में जबलपुर निवासी पांच लोगों के असमय निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
धार्मिक यात्रा बनी मौत का सफर
श्रद्धा और भक्ति के साथ शुरू हुई यह धार्मिक यात्रा कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। एक ही परिवार और मित्रों के इस समूह की अचानक मौत से स्टार सिटी और ग्रीन सिटी क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। पूरे इलाके में लोग स्तब्ध हैं कि हंसते-खेलते निकले लोग अब कभी वापस नहीं


