26.8 C
Jabalpur
April 4, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

पिस्ता बर्फी खाने से युवक की मौत
16 की हालत अभी भी गंभीर, प्रसाद खाने से हुआ था फूड पॉइजनिंग




सी टाइम्स, जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान वितरित पिस्ता बर्फी खाने से फूड पॉइजनिंग की घटना सामने आई है। इसमें 45 वर्षीय इन्द्रपाल पटेल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

धार्मिक कार्यक्रम में प्रसाद खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, पटेल परिवार द्वारा मंदिर में महिलाओं का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पूजा के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भोजन के साथ प्रसाद के रूप में पिस्ता बर्फी बांटी गई। प्रसाद खाने के कुछ घंटों बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने जैसे लक्षण महसूस होने लगे। हालत बिगड़ने पर सभी को तुरंत जबलपुर के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान युवक की मौत

बीमार हुए लोगों में से इन्द्रपाल पटेल की हालत लगातार गंभीर होती गई। उन्हें बेहतर इलाज के लिए नागपुर भी ले जाया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बाद में जबलपुर वापस लाने पर रविवार को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

दूषित मिठाई से फूड पॉइजनिंग की आशंका

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, दूध से बनी मिठाइयों में यदि स्वच्छता और सही भंडारण का ध्यान न रखा जाए, तो उनमें बैक्टीरिया और खतरनाक टॉक्सिन विकसित हो सकते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग हो सकती है। बताया जा रहा है कि संबंधित पिस्ता बर्फी भेड़ाघाट चौराहे की एक मिठाई दुकान से खरीदी गई थी।

खाद्य विभाग ने जांच शुरू की

घटना के बाद खाद्य विभाग की टीम ने संबंधित दुकान से मिठाई के नमूने जब्त कर लिए हैं और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।

अन्य ख़बरें

मध्य प्रदेश: रेलवे की पुरानी इमारत गिरने से एक व्यक्ति की मौत, दूसरा घायल

Newsdesk

मध्य प्रदेश: दमोह में सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौत

Newsdesk

डी डी धाम संकट मोचन दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर मालेगांव रांझी में मनाया गया हनुमान प्रकोटउत्सव

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading