महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का विशेष वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विधायक गौरव सिंह पारधी दिनभर विभिन्न प्रमुख शिव मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन, पूजन एवं जलाभिषेक करते रहे। उन्होंने प्रत्येक स्थल पर क्षेत्रवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की तथा उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
झरिया महादेव में गौरव पारधी ने जलाभिषेक कर लिया आशीर्वाद
विधायक गौरव पारधी ने झरिया पहाड़ी पर स्थित प्राचीन और आस्था के केंद्र झरिया महादेव पहुंचकर विधिवत पूजन-अर्चन किया और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उपस्थित होते रहे। विधायक जी ने मंदिर परिसर में भक्तों से संवाद भी किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि झरिया महादेव क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां हर वर्ष महाशिवरात्रि पर दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं।
नांदिया लेकर पहुंचे श्रद्धालु, बिसापुर में दिखी विशेष आस्था
महाशिवरात्रि के अवसर पर बिसापुर महादेव में आस्था का अलग ही दृश्य देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पारंपरिक नांदिया लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। कई भक्त दूर-दराज के गांवों से पैदल यात्रा करते हुए नांदिया में पवित्र जल भरकर लाए थे। मंदिर परिसर में “हर हर महादेव” के जयघोष के बीच भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
विधायक जी ने इस दौरान श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनकी आस्था एवं समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि नांदिया लेकर पहुंचने की यह परंपरा हमारी संस्कृति और श्रद्धा की गहराई को दर्शाती है। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों के उत्साह ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
रमरमा महादेव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
महाशिवरात्रि के अवसर पर रमरमा महादेव में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही श्रद्धालु जल, दूध और पूजन सामग्री लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। मंदिर परिसर में लगातार मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
विधायक गौरव पारधी ने यहां पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट की। उन्होंने कहा कि रमरमा महादेव क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां महाशिवरात्रि पर हर वर्ष बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की।
हरदौली एवं नर्मदेश्वर शिव मंदिर नवेगांव ख में विधायक गौरव पारधी ने किया पूजन
विधायक गौरवसिंह पारधी ने हरदौली महादेव तथा नवेगांव ख स्थित नर्मदेश्वर शिव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का पूजन किया। यहां भी भक्तों का उत्साह उल्लेखनीय रहा। विधायक जी ने सभी श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें महाशिवरात्रि की बधाई दी।
कटंगी में शिव बारात में सहभागिता, सेरपार में पूजा-अर्चना
कटंगी नगर में निकली भव्य शिव बारात में विधायक जी शामिल हुए और श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात उन्होंने सेरपार महादेव में भक्तों के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की उन्नति और शांति की कामना की।
महाशिवरात्रि के इस अवसर पर विधायक श्री गौरव पारधी ने की सक्रिय उपस्थिति ने आस्था के साथ-साथ विकास कार्यों को भी गति देने का संदेश दिया। एक ओर उन्होंने विभिन्न शिव धामों में पहुंचकर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया, वहीं दूसरी ओर सीसी रोड जैसे निर्माण कार्यों का भूमिपूजन कर जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया। पूरे दिन क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक सहभागिता का वातावरण बना रहा।
महाशिवरात्रि के अवसर पर विधायक गौरव ने ग्राम चिचोली में किया सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन
खैरलांजी जनपद मुख्यालय अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत चिचोली स्थित प्रसिद्ध झरनेश्वर बाबा चिचोली में विधायक जी ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इसी दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों तक बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई परेशानी न हो। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


