संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने आज संभागीय अधिकारियों के साथ समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने कलेक्टर कमिश्नर कांफ्रेंस के बिंदुओं के पालन प्रतिवेदन एवं अन्य विभागीय योजनाओं में प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कृषि वर्ष 2026 की कार्ययोजना अनुसार योजनाओं/गतिविधियों हेतु निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करें। उन्होंने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सहकारिता, मत्स्य विभागों की फील्ड स्तर पर क्रियान्वित योजनाओं/गतिविधियों की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि सम्बन्धित विभागीय अधिकारी अपनी योजनाओं की प्रगति को विभागीय पोर्टल में एंट्री करना सुनिश्चित करें।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान डॉ. अम्बेडकर कामधेनु योजना, क्षीरधारा तथा हिण्यगर्भा योजनाओं पर चर्चा कर घटक वार लक्ष्यों की पूर्ति के लिए आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामीण विकास विभाग की मुख्यमंत्री वृन्दावन ग्राम योजना अंतर्गत चयनित वृन्दावन ग्रामों के विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने, पंचायत स्तर पर नए राजस्व स्त्रोत का सृजन करने, पीएम आवास (ग्रामीण) की पूर्णता, लखपति दीदीयों को बैंक ऋण वितरण के लक्ष्य अनुरूप प्रगति, मनरेगा अंतर्गत एसएनए स्पर्श प्रणाली के तहत भुगतान आदि बिंदुओं पर चर्चा की। इसी प्रकार एकल नल जल योजनाओं के क्रियान्वयन व प्रगतिरत कार्यों को मार्च 2026 तक पूर्ण करने, पीएम जनमन व धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत लक्ष्यों की प्राप्ति की समीक्षा की। संभागायुक्त श्री सिंह ने संभागीय उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग को निर्देशित किया कि पीएम जनमन व धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में कम प्रगति लाने वाले अधिकारी को नोटिस जारी किया जाये। साथ ही वनाधिकार पत्र धारकों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभांवित किये जाने की जिलेवार समीक्षा के दौरान कम प्रगति पर संबंधित जिलों के सहायक आयुक्तों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिये। स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास की समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन की समीक्षा कर लक्ष्य अनुरूप प्रगति लाने हेतु आवश्यक निर्देश दिये।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि संकल्प से समाधान अभियान के दौरान संभागीय अधिकारी आवंटित जिले तथा विकास खंडो में फील्ड विजिट करें तथा शिविर में प्राप्त आवेदन/शिकायतों के समुचित निराकरण की मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें।


