जबलपुर। जिले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए जबलपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा विभिन्न थानों में दर्ज मामलों के फरार आरोपियों पर नगद इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जो भी व्यक्ति फरार आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करेगा, पुख्ता सूचना देगा या आरोपी को पकड़वाने में मदद करेगा, उसे घोषित राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।
घोषित सूची के अनुसार थाना बेलबाग के अपराध क्रमांक 491/2019 (धारा 8, 21 एनडीपीएस एक्ट) में फरार आरोपी शोहेब खान, निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। थाना पनागर के अपराध क्रमांक 700/25 (धारा 64(1), 351(2) बीएनएस) में फरार उदय रघुवंशी पर भी 5 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है।
थाना सिहोरा के अपराध क्रमांक 741/25 (धारा 309(4) बीएनएस) में अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। थाना रांझी के अपराध क्रमांक 848/25 (धारा 296(बी), 332(सी), 109(1) बीएनएस) में फरार राहुल सोनी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये घोषित किए गए हैं।
थाना बरेला के अपराध क्रमांक 114/26 में फरार शुभम सेन, उमेश पटेल और निहाल सेन पर 4-4 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इसी प्रकार थाना संजीवनीनगर के अपराध क्रमांक 328/25 (धारा 420, 419, 467, 468, 471, 120बी बीएनएस) में फरार कई आरोपियों — संदीप श्रीवास्तव, सतेन्द्र उपाध्याय, शशांक गौतम, मोहित तिवारी, अंचल दुबे, शांति कोष्टा, असलम एवं भानू प्रकाश — पर प्रत्येक के लिए 4-4 हजार रुपये का पुरस्कार रखा गया है।
थाना तिलवारा के अपराध क्रमांक 397/25 (धारा 80(2), 3(5) बीएनएस) में फरार शिवबती बाई की गिरफ्तारी पर 4 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि फरार आरोपियों के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना नजदीकी थाने या कंट्रोल रूम में दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


