जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में चैतन्य महाप्रभु के जन्मोत्सव के अवसर पर भक्ति और संकीर्तन की धारा प्रवाहित होगी। श्री चैतन्य महाप्रभु संकीर्तन मण्डल जाबालिपुरम् के संयोजकत्व में होलाष्टक 21 फरवरी से 1 मार्च तक नौ दिवसीय नगर संकीर्तन प्रभात फेरी का आयोजन किया जा रहा है।
संयोजक देवेंद्र नेमा ने जानकारी देते हुए बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 10 दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ पीठाधीश्वर स्वामी रामेश्वर गिरी द्वारा लहरी आश्रम में पत्रक पूजन के साथ किया गया।
नगर के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिदिन प्रातः 7 बजे घंटा, शंख और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ संकीर्तन प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रथम दिवस 21 फरवरी को घमंडी चौक स्थित सत्यनारायण मंदिर घमंडी चौक से प्रभात फेरी “हरे कृष्णा-हरे कृष्णा” महामंत्र के संकीर्तन के साथ प्रारंभ होगी। संकीर्तनाचार्य पं. मनमोहन दुबे के सानिध्य में यह फेरी विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः सत्यनारायण मंदिर पहुंचकर मंगल आरती के साथ संपन्न होगी।
इस अवसर पर ज्योतिषाचार्य पं. देवेंद्र त्रिपाठी, सत्यप्रकाश नामदेव, मोहित तिवारी, के.एल. दीक्षित, प्रभाकर चतुर्वेदी, राजेश असाटी, पप्पू चौबे, जितेंद्र शर्मा, रज्जू सोनी, सत्यनारायण दुबे, मनोज गुलाबवानी, मोनी विश्वकर्मा, विशाल पंड्या सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संकीर्तन प्रभात फेरी में सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।


