*
*गौरीघाट के नर्मदा मैरिज गार्डन के विरूद्ध भी निगम ने की कार्रवाई : 50 हजार रूपये का काटा चालान*
जबलपुर। नगर निगम द्वारा शहर में संभागवार एवं वार्डवार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान आम नागरिकों एवं प्रचार माध्यमों से आवारा सुअरों एवं उससे हो रही गंदगी के बारे में नगर निगम को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इसके साथ-साथ निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि लोगों के द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर कचरा, मलमा आदि डालकर गंदगी की जा रही है। जिसके विरूद्ध निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य, अतिक्रमण, बाजार एवं अन्य विभागों के द्वारा संयुकत रूप से कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के संबंध में उपायुक्त संभव अयाची ने जानकारी देते हुए बताया कि संभाग क्रमांक 3 एवं 13 के अंतर्गत कार्रवाई की जाकर नर्मदा मैरिज गार्डन, सूकर पालकों और गंदगी फैलाने वाले व्यापारियों के विरूद्ध चालानी कार्रवाई की जाकर 55 हजार एवं 50 हजार रूपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 1 लाख 5 हजार रूपये की चालानी कार्रवाई नगर निगम द्वारा की गयी।
अपर आयुक्त अरविन्द शाह, उपायुक्त श्री अयाची एवं संभागीय अधिकारी पवन श्रीवास्तव ने बताया कि स्वच्छता अभियान को लेकर यह कार्रवाई अब लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कार्रवाई के दौरान सभी को दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के सामने डस्टबिन रखने और पॉलीथिन प्लास्टिक का उपयोग न रखने की समझाईश देते हुए आस पास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने की समझाईश दी। इसी प्रकार गौरीघाट स्थित नर्मदा मैरिज गार्डन परिसर का निरीक्षण किया गया जिसमें क्षेत्रफल की गणना में अंतर पाया गया और निकासी की कोई व्यवस्था नहीं पाई गयी साथ ही परिसर में गंदगी के साथ नाले पर अतिक्रमण पाया गया जिसके कारण 50 हजार रूपये की चालानी कार्रवाई की गयी।
कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेन्द्र राज, अर्जुन यादव, बाजार अधीक्षक राजेन्द्र दुबे, सी.एस.आई. संदीप, एस.आई. अभिषेक, वैभव तिवारी, मधुलिका चौधरी, अतिक्रमण शाखा से लक्ष्मण, लाइसेंस शाखा से अमित जोशी एवं सुपरवाइजर अनिल आदि उपस्थित रहे।


