जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की प्रिंसिपल बेंच में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति कोर्ट रूम के अंदर संदिग्ध वस्तु लेकर पहुंच गया। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था तत्काल कड़ी कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को हाई कोर्ट के कोर्ट रूम नंबर 17 में नियमित रूप से सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक पॉलिथीन में रखी खून से सनी और दुर्गंधयुक्त संदिग्ध वस्तु लेकर जज की डाइस के पास पहुंच गया और उसे वहां रख दिया। इस घटना को देखते ही कोर्ट रूम में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही हाई कोर्ट परिसर में तैनात एसएएफ (स्पेशल आर्म्ड फोर्स) के जवान तुरंत सक्रिय हो गए और संबंधित व्यक्ति को घेरकर अपने कब्जे में ले लिया। वहीं सूचना मिलते ही सिविल लाइन और ओमती थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार पॉलिथीन में किसी बच्चे के भ्रूण या शरीर के अंग जैसी संदिग्ध वस्तु होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने उसे जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि इसी कोर्ट में दयानंद पांडे नामक व्यक्ति से संबंधित एक मामला भी सूचीबद्ध था, जिसके संबंध में यह घटना जुड़ी हो सकती है। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
घटना के बाद कोर्ट रूम को खाली कराकर साफ-सफाई कराई गई और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर में अतिरिक्त सतर्कता बरतना शुरू कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि हाई कोर्ट जैसे अति संवेदनशील और कड़ी सुरक्षा वाले परिसर में उक्त व्यक्ति संदिग्ध वस्तु लेकर कैसे प्रवेश कर गया। प्रारंभिक तौर पर सुरक्षा व्यवस्था में चूक की संभावना को भी खंगाला जा रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी


