जबलपुर। जन सुविधा केंद्र कार्यालय, रावण पार्क के पास सुधीर सोनू दुबे द्वारा आयोजित 63वें विशाल निशुल्क नेत्र स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। शिविर में कुल 217 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ पवन स्थापक की टीम के डॉ देशपांडे ने 109 लोगों की आंखों की जांच की। परीक्षण के दौरान 16 मरीजों में मोतियाबिंद पाया गया, जिन्हें ऑपरेशन के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं 37 मरीजों को निशुल्क चश्मों का वितरण किया गया तथा अन्य मरीजों को आंखों में डालने के लिए ड्रॉप एवं आवश्यक दवाइयां प्रदान की गईं।
डेंटल चिकित्सक डॉ अखिलेश मूलचंदानी ने 19 लोगों का परीक्षण किया और कुछ मरीजों को आगे के उपचार हेतु अपने निजी चिकित्सालय बुलाया। महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सीमा राय ने 37 महिलाओं का उपचार कर उन्हें दवाइयों का वितरण किया। वहीं चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ आयुषी स्थापक करसोलिया ने 19 मरीजों का उपचार कर निशुल्क दवाइयां वितरित कीं।
समाजसेवी सुधीर सोनू दुबे ने बताया कि पिछले 8 वर्षों से लगातार लगाए जा रहे इन स्वास्थ्य शिविरों का लाभ रांझी उपनगरीय क्षेत्र सहित गोकलपुर वार्ड, करौंदी वार्ड, चंद्रशेखर वार्ड, अंबेडकर वार्ड, सुदर्शन वार्ड, लाला लाजपत राय वार्ड, बिलपुरा, पिपरिया और तिघरा क्षेत्र के मरीज उठा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि शासकीय हॉस्पिटल रांझी में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है और मरीजों को अक्सर बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए कहा जाता है। इसी कारण गरीब और जरूरतमंद मरीज इन शिविरों में बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।
उन्होंने बताया कि शिविर में शहर के विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक जैसे शिशु रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ और अस्थि रोग विशेषज्ञ भी समय-समय पर निशुल्क सेवाएं देते हैं। मरीजों को शिविर स्थल पर ही दवाइयां, चश्मे और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाता है तथा आवश्यकता पड़ने पर निजी अस्पतालों में भी निशुल्क उपचार की व्यवस्था कराई जाती है।
समाजसेवी सुधीर सोनू दुबे के अनुसार अब तक लगभग 1 लाख 70 हजार 433 मरीज इन शिविरों का लाभ ले चुके हैं, जबकि करीब 9 हजार 316 मरीजों के निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराए जा चुके हैं।


