जबलपुर। अधारताल सब्जी बाजार की करोड़ों रुपए मूल्य की शासकीय भूमि पर कथित रूप से भूमाफियाओं द्वारा कब्जा किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेता चमन पासी ने किया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अधिकारियों के संरक्षण में भूमाफियाओं से लाखों रुपए लेकर बाजार की भूमि पर अवैध कब्जे कराए जा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान “कमलेश श्रीवास्तव मुर्दाबाद”, “पवन ठाकुर मुर्दाबाद” और “आशीष पाटकर मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए, जिससे कमिश्नर कार्यालय और नगर निगम परिसर गूंज उठा।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि अधारताल सब्जी बाजार की भूमि से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।


