परसवार में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर आयोजित, 99 आवेदन प्राप्त
अनूपपुर,। जिले के पुष्पराजगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत परसवार में जिला प्रशासन के तत्वावधान में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन-प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्रतिबद्धता है और जनता की संतुष्टि ही प्रशासन की वास्तविक सफलता का मापदंड है। शिविर में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर के दौरान कुल 99 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही संबंधित विभागों के मैदानी अधिकारियों द्वारा निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से पशुपालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, विद्युत, कृषि, उद्यानिकी, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विकास प्रदर्शनी एवं जानकारीपरक स्टॉल लगाए गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य भुवनेश्वरी धुर्वे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग विनोद परस्ते, जनपद पुष्पराजगढ़ सीईओ गणेश कुमार पांडेय, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


