June 14, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

अनियंत्रित डंपर घर में घुसा, चार ग्रामीणों को रौंदा


दो की मौत, दो गंभीर घायल; चालक फरार, गांव में मचा कोहराम
सिवनी/बादलपार – कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बादलपार चौकी के ग्राम सर्राहीर्री में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर घर के बाहर बैठे ग्रामीणों पर चढ़ गया, जिससे दो लोगों की मौके पर एवं उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम लगभग 7:45 बजे डंपर क्रमांक MP-50-H-0833 सर्राहीर्री से पिपरवानी (पिंडरई) की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और डंपर सीधे रवि वर्मा के घर में घुस गया। घर के बाहर बैठे चार ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में सुखमाल भलावी (45 वर्ष), पिता गणपत भलावी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रंजीत सरयाम, पिता गोपसिंह सरयाम ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं संदीप मर्सकोले (36 वर्ष), पिता बलवान मर्सकोले एवं चन्द्रभान वर्मा (36 वर्ष), पिता हरिओम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें चिकित्सकों ने नागपुर रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही कुरई थाना एवं बादलपार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कुरई थाना में पदस्थ एसआई शैलेन्द्र डोंगरे ने बताया कि घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

*आक्रोशित ग्रामीणों के बीच पुलिस ने संभाली स्थिति*

बादलपार चौकी प्रभारी इंजन सिंह मर्सकोले ने बताया कि हादसे के बाद गांव में आक्रोश का माहौल था और पुलिस बल की कमी के बावजूद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत रही। उन्होंने बताया कि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस ने तत्काल शवों को वाहन से कुरई पहुंचाने की व्यवस्था की तथा आगे की कार्रवाई के लिए कुरई पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।

*डंपर जब्त, चालक की तलाश जारी*

पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर बादलपार चौकी में खड़ा करा दिया है। मृतकों के शवों का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

अन्य ख़बरें

रामगढ़ में एक कोयला खदान में जहरीली गैस सूंघने से चार लोगों की मौत

Newsdesk

राजनगर-बिजुरी मार्ग का मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया भूमि पूजन, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

Newsdesk

सहायक प्राध्यापक (भूगोल) पद पर चयनित होने पर आकाश सोनी का हुआ सम्मान, क्षेत्र में खुशी की लहर

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading