लखनऊ, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने रविवार को अपने अस्वस्थ होने की खबरों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने काम में लगी हुई हैं। साथ ही उन्होंने पार्टी से निष्कासित आकाश आनंद पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह अभी भी अपने दिमाग से काम नहीं कर रहे हैं और अपने ससुर व पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ के इशारे पर चल रहे हैं। मायावती ने बसपा कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को लेकर पूरी ताकत से जुट जाने का आह्वान किया। मायावती ने कहा कि पिछले एक-दो दिनों से पार्टी से निकाले गए कुछ लोगों की ओर से कार्यकर्ताओं के बीच यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि वह बीमार हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सही जानकारी देने के लिए उन्हें स्वयं सामने आना पड़ा। बसपा प्रमुख ने शनिवार रात हुई कथित फोन कॉल का जिक्र करते हुए कहा कि उनके आवास पर पार्टी इंचार्ज आलोक कुमार के फोन पर आकाश आनंद का फोन आया था। आकाश आनंद ने पूछा कि क्या बहन जी अस्वस्थ हैं। इस पर आलोक कुमार ने जवाब दिया कि मायावती पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपना काम कर रही हैं।
मायावती ने बताया कि इसके बाद आकाश आनंद ने कहा कि उनकी इस कॉल के बारे में बहन जी को नहीं बताया जाए। उन्होंने कहा कि इस फोन कॉल की मंशा अच्छी भी हो सकती है और गलत भी लेकिन यह सोचने का विषय है कि आखिर ऐसी बात क्यों कही गई। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद अभी भी अपने दिमाग से काम नहीं कर रहा है। वह अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के दिमाग से काम कर रहा है।” मायावती ने कहा कि पार्टी और मूवमेंट के हित में हाल के दिनों में उनके द्वारा लिए गए कड़े फैसलों से बसपा को लाभ ही हुआ है, नुकसान नहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पार्टी मूवमेंट में हमेशा पूरी तरह जुटे रहें और आगामी चुनाव की तैयारियों में युद्ध स्तर पर लग जाएं।


