36.1 C
Jabalpur
June 20, 2026
सी टाइम्स
क्राइमराष्ट्रीय

रांची संघ कार्यालय हमले में विदेशी कनेक्शन के संकेत, आरोपियों में एक लंबे समय तक दुबई में रहा

रांची, 18 जून । रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांतीय कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में सुरक्षा एजेंसियों को कुछ ऐसे सुराग मिले हैं, जिससे जांच की दिशा पाकिस्तान के आतंकी संगठनों की ओर मुड़ गई है। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक लंबे समय तक दुबई में रह चुका है, और उसके कुछ संदिग्ध विदेशी संपर्कों की जानकारी मिली है। एजेंसियां इन संपर्कों के संभावित आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका की जांच कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के दुबई प्रवास के दौरान कुछ ऐसे व्यक्तियों के संपर्क में आने की जानकारी मिली है, जिनके संबंध कथित तौर पर टीटीएच (तहरीक-ए-तालिबान हिंद) नामक संगठन से होने की बात सामने आई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो को बुधवार शाम दिल्ली की ओर भागने के दौरान पकड़ा गया, जबकि एक अन्य आरोपी बाद की कार्रवाई में पुलिस के हत्थे चढ़ा। पूछताछ में हमले की तैयारी और क्रियान्वयन को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक गुरुवार दोपहर रांची के कोतवाली थाने की पुलिसकर्मियों को चकमा देकर बाथरूम की खिड़की से कूदकर भाग निकला था, लेकिन उसे करीब डेढ़ घंटे बाद रांची के मांडर में पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दोबारा गिरफ्तार कर लिया। रांची के एसएसपी राकेश रंजन सहित कई अन्य अफसर खुद मुठभेड़ स्थल पर पहुंचे थे। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने घटना से पहले आरएसएस कार्यालय की रेकी की थी। पेट्रोल बम तैयार करने के लिए इस्तेमाल की गई कांच की बोतलें, पेट्रोल और अन्य सामग्री स्थानीय बाजार से खरीदी गई थी। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर मोलोटोव कॉकटेल तैयार कर निवारणपुर स्थित कार्यालय को निशाना बनाया। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दो लोहरदगा जिले के निवासी हैं, जबकि तीसरा रांची का रहने वाला बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि स्थानीय स्तर पर आरोपियों को किस तरह की मदद मिली और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल थे। जांच अब संभावित विदेशी फंडिंग और डिजिटल संपर्कों तक पहुंच गई है।

अन्य ख़बरें

‘भविष्य’ पोर्टल से पेंशनभोगियों की जिंदगी हुई आसान, पेंशन प्रक्रिया हुई तेज और पारदर्शी: सरकार

Newsdesk

हैदराबाद में ईडी की बड़ी कार्रवाई: हीरा ग्रुप की 159 करोड़ की संपत्तियों की नीलामी पूरी

Newsdesk

भारत में ‘फॉर्मूला 1’ की वापसी और मोटरस्पोर्ट्स पॉलिसी के लिए बनेगी टास्क फोर्स: खेल मंत्री मांडविया

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading