June 26, 2026
सी टाइम्स
Uncategorized

तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत

जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के कूड़न गांव के पास बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार हेरियर कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार खैरी गांव निवासी वीरेंद्र भूमिया (40) और नरेश भूमिया (42) किसी काम से जबलपुर आए थे। देर रात करीब 2 बजे दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। कूड़न गांव के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार हेरियर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में वीरेंद्र भूमिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नरेश भूमिया को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद घायल युवक काफी देर तक सड़क किनारे तड़पता रहा। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। सूचना मिलने पर भेड़ाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
मृतक वीरेंद्र के पिता ने बताया कि हादसे से लगभग दस मिनट पहले ही बेटे से फोन पर बातचीत हुई थी। उसने घर पहुंचने की जानकारी दी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद दुर्घटना का समाचार मिल गया।
दोनों मृतक निजी वाहन चालक थे और अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। दोनों अपने पीछे पत्नी और दो-दो बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
भेड़ाघाट थाना पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हेरियर कार को जब्त कर लिया है। चालक की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

अन्य ख़बरें

प्रतिबंध के बावजूद जनजाति कार्य विभाग में चला अटैचमेंट का खेल, स्थानांतरण के बाद फिर उठे सवाल

Newsdesk

“सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत साइबर अपराधों के प्रति किया गया जागरूक

Newsdesk

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कलेक्टर कांफ्रेंस संपन्नस्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगीकरण पर फोकस करें कलेक्टर : मुख्य सचिव श्री जैन

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading