बालाघाट। युवा कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस कमेटी बालाघाट के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 28 जून 2026 को दोपहर 1 बजे काली पुतली चौक, बालाघाट में जनसभा एवं धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश एवं देश के युवाओं, किसानों, छात्रों और आम नागरिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। प्रदर्शन में नीट पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, मध्यप्रदेश की सरकारी भर्तियों में कथित घोटालों की जांच, कॉलेज छात्रों की छात्रवृत्ति का समय पर भुगतान, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, बेरोजगारी भत्ता, किसानों के लिए ₹3100 प्रति क्विंटल धान खरीदी, डीएपी खाद के दाम कम करने, 5 एचपी तक के किसानों को 24 घंटे निःशुल्क बिजली, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में कमी, स्मार्ट मीटर योजना बंद करने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, महंगाई एवं भ्रष्टाचार पर रोक लगाने तथा आदिवासियों की जमीन को भू-माफियाओं से बचाने जैसी मांगों को उठाया जाएगा।
युवा कांग्रेस ने जिले के युवाओं, किसानों, छात्रों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।


