जबलपुर। मंगलवार को बड़ी संख्या में गोहलपुर थाने पहुंची मुस्लिम समुदाय की महिलाओं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नाज़िया इलाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर एक शिकायत सौंपी है।
अलकमा मंसूरी और रशीदा तबस्सुम अंसारी के नेतृत्व में थाने पहुंची महिलाओं का आरोप है कि नाज़िया इलाही (जिन्हें नाज़िया खान भी कहा जा रहा है) ने अपने पॉडकास्ट और सोशल मीडिया वीडियो में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां की हैं।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि इस वीडियो से पूरी मुस्लिम कम्युनिटी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।अलकमा मंसूरी ने बताया कि आज हम समस्त महिलाएं यहां इकट्ठा हुए हैं यह मांग करने के लिए कि नाज़िया खान नामक महिला ने हमारे पैगंबर की शान में गुस्ताखी की है, आपत्तिजनक बातें की हैं,
उनके कैरेक्टर पर उंगली उठाई है। हमारी ये मांग है कि इन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। इन्हें जेल में डाला जाए और इन्होंने इस्लाम के खिलाफ, मुसलमानों के विरुद्ध जितनी भी वीडियोस बनाई हैं,
उस सब वीडियोस के बदले में इनसे माफी मंगवाई जाए और इनका माफी वाला वीडियो जो है, वो अपलोड कराया जाए।
रवि सिंह परिहार (सब-इंस्पेक्टर) गोहलपुर ने बताया कि मुस्लिम समाज की महिलाओं के द्वारा एक
शिकायत सौंपी गई है। जिसमें नाज़िया इलाही के द्वारा पॉडकास्ट चैनल में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। शिकायत को साइबर सेल भेजा जा रहा है एवं जैसे ही जानकारी मिलती है तो अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


