जबलपुर। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने आज नेताजी सुभाषचन्द्र बोस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर उपचार व्यवस्था, साफ-सफाई, आवश्यक सुविधाओं तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं का अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा अस्पताल में साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनुराग सिंह सहित मेडिकल कॉलेज एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


