जबलपुर। जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र से 15 लाख रुपये के कथित नकली नोटों का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी गायत्री लोधी ने रेत कारोबारी आनंद सिंह पर असली नोटों की गड्डी के बीच नकली नोट रखकर रकम देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पोस्ट ऑफिस में रुपये जमा कराने के दौरान इस कथित धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। मामले की शिकायत एसपी कार्यालय में किए जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गायत्री लोधी के अनुसार, आनंद सिंह के साथ उनका पुराना लेन-देन रहा है। 27 जून को आनंद सिंह ने फोन कर बताया कि वह अपने दो परिचितों आर्यन और अनुज के माध्यम से 15 लाख रुपये भेज रहा है। पुराने भरोसे के चलते उन्होंने बिना जांच किए रकम स्वीकार कर ली।
महिला का आरोप है कि अगले दिन 28 जून को जब वह डाकघर में रुपये जमा कराने पहुंचीं, तो जांच के दौरान पता चला कि गड्डी के ऊपर और नीचे के नोट असली थे, जबकि बीच में बड़ी संख्या में नकली नोट रखे गए थे। इसके बाद उन्होंने आनंद सिंह से संपर्क किया, लेकिन आरोप है कि उसने गलती मानने के बजाय गाली-गलौज की और धमकाया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी प्रभावशाली रेत कारोबारी है, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर उसकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने 29 जून को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, आनंद सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने जो रुपये भेजे थे, वे पूरी तरह असली थे और उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि नोट नकली कैसे निकले।
एसपी कार्यालय के निर्देश पर डीएसपी भगत सिंह गठोरिया ने बेलखेड़ा थाना पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नोटों की गड्डी में कथित नकली नोट कब और किसके द्वारा रखे गए। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


