July 1, 2026
सी टाइम्स
इनसाइट टुडे

जबलपुर प्रतिभाओं की भूमि, 12 विभूतियों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणा-मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संस्कारधानी जबलपुर प्रतिभाओं की भूमि है। मां नर्मदा की कृपा से समृद्ध इस शहर ने समाज के हर क्षेत्र में ऐसी विभूतियां दी हैं, जिन्होंने देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव आज यहां मानस भवन में पूर्व विधानसभा अध्‍यक्ष दादा ईश्‍वरदास रोहाणी की स्‍मृति में आयोजित गौरव शिखर सम्‍मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि 12 विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करने वाला सराहनीय प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष के 12 महीने और ज्योतिष की 12 राशियां जीवन के पूर्ण चक्र का प्रतीक हैं। उसी प्रकार समारोह में 12 विभूतियों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणा का अमृत है। उन्होंने आयोजन समिति की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दादा ईश्‍वरदास रोहाणी की स्‍मृति में गौरव शिखर सम्मान की शुरुआत शिक्षा क्षेत्र से किया जाना अत्यंत सार्थक है, क्योंकि किसी भी समाज की उन्नति का आधार शिक्षा होती है। भारतीय गुरुकुल परंपरा केवल ज्ञान देने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र और जीवन मूल्यों के निर्माण का केंद्र रही है।
अपने संबोधन में मुख्‍यमंत्री ने काल के द्रोणाचार्य-द्रुपद तथा भगवान श्रीकृष्ण-सुदामा के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य प्रतिशोध नहीं, बल्कि विनम्रता, समानता और श्रेष्ठ मानवीय मूल्यों का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता निस्वार्थ प्रेम, सम्मान और समर्पण का आदर्श उदाहरण है, जहां बिना किसी प्रदर्शन के मित्र की गरिमा बनाए रखते हुए सहायता की जाती है। यही भारतीय संस्कृति का मूल संदेश है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि आश्रम मध्य प्रदेश के उज्‍जैन में है, यह गौरव का विषय है, जहां भगवान श्री कृष्‍ण ने शिक्षा प्राप्‍त की थी।
समारोह में सम्मानित विभूतियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने समाज सेवा के क्षेत्र में डॉ. कैलाश गुप्ता के ‘राम रोटी’ अभियान को मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने ज्ञानेश्वरी दीदी द्वारा कैंसर रोगियों की सेवा की सराहना की। कुटुंब प्रबोधन सम्मान से सम्मानित नंदलाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि चार पीढ़ियों का एक साथ प्रेम और संस्कारों के साथ रहना भारतीय परिवार व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने युवा गौरव सम्मान से सम्मानित सरबजीत सिंह कलासी की सफलता का उल्लेख करते हुए युवाओं से किसी भी कार्य को छोटा न समझने और मेहनत व उद्यमशीलता से आगे बढ़ने का आह्वान किया। सनातन ज्ञान सम्मान प्राप्त पंडित रोहित दुबे के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय वैदिक ज्ञान और आध्यात्मिक परंपराएं समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं।
उद्योग गौरव सम्मान से सम्मानित नितिन चंडोक की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी मशीनें देश के 22 राज्यों तक पहुंच रही हैं, जो जबलपुर के लिए गर्व की बात है। मुख्‍यमंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में सम्मानित न्यूरो सर्जन प्रो. डॉ. वाई. आर. यादव की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा और भारतीय ज्ञान परंपरा का समन्वय मानव कल्याण के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी आर एन तिवारी की राष्ट्रसेवा तथा न्यायमूर्ति जस्टिस देवव्रत माधव धर्माधिकारी की निष्पक्ष न्यायप्रियता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सभी सम्मानित व्यक्तित्व अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज के लिए प्रेरणा बने हैं।
मुख्यमंत्री ने दादा ईश्वरदास रोहाणी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने विधायक रहते हुए जनप्रतिनिधि के दायित्वों का आदर्श निर्वहन किया। एक सफल जनप्रतिनिधि वही है, जो अपने क्षेत्र के प्रत्येक परिवार से जुड़ा रहे और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाए। उन्होंने कहा कि जनसेवा का यही भाव स्वर्गीय रोहाणी के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी पहचान थी।
मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में विलंब से पहुंचने पर खेद भी व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण उन्हें कार्यक्रम में आने से मना किया गया था, लेकिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने का उन्होंने संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वे महाकाल की नगरी से आते हैं और उन्हें विश्वास था कि भगवान की कृपा से वे जबलपुर अवश्य पहुंचेंगे। उन्होंने उपस्थित नागरिकों के धैर्य, स्नेह और आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए आयोजन समिति तथा सभी सम्मानित विभूतियों को शुभकामनाएं दीं।
12 विभूतियों को मिला गौरव शिखर सम्मान
दादा के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प- विधायक श्री रोहाणी
दादा ईश्वरदास रोहाणी स्मृति गौरव शिखर सम्मान समारोह में जबलपुर केंट के विधायक श्री अशोक रोहाणी ने कहा कि यह आयोजन सिद्ध करता है कि दादा ईश्वरदास रोहाणी के प्रति लोगों का स्नेह, सम्मान और विश्वास आज भी उतना ही अटूट है। उन्होंने कहा कि दादा का जीवन समाजसेवा, जनसेवा और संस्कारों का पर्याय था तथा उन्हीं के आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस सम्मान की शुरुआत की गई है।
विधायक श्री रोहाणी ने कहा कि विपरीत मौसम और परिस्थितियों के बावजूद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दृढ़ संकल्पित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री और उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने बताया कि दादा की हमेशा यह इच्छा रहती थी कि सामाजिक, राजनीतिक और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों का सम्मान किया जाए, ताकि नई पीढ़ी समाजसेवा और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित हो। इसी भावना के साथ लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह के समक्ष सम्मान योजना का प्रस्ताव रखा गया। उनकी अध्यक्षता में आयोजन समिति और चयन समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि जबलपुर और आसपास के क्षेत्र की 12 विशिष्ट विभूतियों को ‘गौरव शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
विधायक श्री रोहाणी ने कहा कि समारोह में उमड़ी जनभागीदारी दादा के प्रति लोगों के प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि दादा के सेवा कार्यों और उनके आदर्शों को भविष्य में भी इसी प्रकार आगे बढ़ाया जाता रहेगा। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति के लिए विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आगमन से समारोह को नई ऊंचाई और सार्थकता मिली है।
गौरव शिखर सम्मान से सम्मानित विभूतियां
मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समारोह में गौरव शिखर सम्‍मान से 12 विभूतियों को सम्‍मानित किया। इनमें शिक्षा के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्यों के लिए ”ज्ञान ज्योति गौरव शिखर सम्मान” से सुश्री रेखा चुडासमा को, समाज सेवा के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्यों के लिए ”कर्मयोगी गौरव शिखर सम्मान” से डॉ. कैलाश गुप्ता को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्यों के लिए ”नारी शक्ति गौरव शिखर सम्मान” से साध्‍वी ज्ञानेश्वरी दीदी को, संस्‍कृति कुटुंब प्रबोधन श्रेणी में ”संस्कार गौरव शिखर सम्मान” से श्री नंदलाल नेगांधी को, युवाओं के लिए प्रेरणा हेतु किये गये कार्यों के लिए ”युवा गौरव शिखर सम्मान” से श्री सरबजीत सिंह कलासी को, आचार्य वैदिक विद्वान ब्राम्‍हण श्रेणी में ”सनातन ज्ञान गौरव शिखर सम्मान” से पंडित रोहित दुबे को, उद्योग के क्षेत्र में किये गये उत्‍कृष्‍ट कार्य के लिए ”उद्योग गौरव शिखर सम्मान” से नितिन चंडोक को, चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्य के लिए ”संजीवनी गौरव शिखर सम्मान” से डॉ. वाई आर यादव को, पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्य के लिए ”कलमवीर गौरव शिखर सम्मान” से वरिष्ठ पत्रकार श्याम कटारे को, सेना से सेवानिवृत्‍त अधिकारियों की श्रेणी में ”वीरता गौरव शिखर सम्मान” से ऑनरेरी नेवी सब-लेफ्टिनेंट आर.एन. तिवारी को, विधि के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्य के लिए ”विधि रत्न गौरव शिखर सम्मान” से वरिष्ठ अधिवक्ता श्री आर एन सिंह को तथा न्‍याय के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्यों के लिए ”न्यायरत्न गौरव शिखर सम्मान” से न्यायमूर्ति जस्टिस देवव्रत माधव धर्माधिकारी को सम्‍मानित किया गया।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद श्री आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्‍नू, मध्‍यप्रदेश तीर्थ क्षेत्र एवं मेला प्राधिकरण के अध्‍यक्ष विनोद गोटिया, विधायक अजय विश्नोई, डॉ अभिलाष पांडे, श्री संतोष वरकड़े, नीरज सिंह, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, जेडीए उपाध्यक्ष श्री प्रशांत केशरवानी, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जिला अध्यक्ष ग्रामीण राजकुमार पटेल, जीओसी एच एस बिंद्रा, जस्टिस एच पी सिंह भी मंचासीन थे।
मंच से उतरकर मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने किया वरिष्‍ठों का सम्‍मान
कुटुम्‍ब प्रबंधन के क्षेत्र में संस्‍कार गौरव शिखर सम्‍मान प्राप्‍त करने वाले वयोवृद्ध श्री नंदलाल नेगांधी एवं विधि के क्षेत्र में विधि रत्‍न गौरव सम्‍मान प्राप्‍त करने वाले श्री आर एन सिंह को मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से उतरकर सम्‍मानित किया।
रोहाणी परिवार ने मुख्‍यमंत्री को भेंट किया स्‍मृति चिन्‍ह
पूर्व विधानसभा अध्‍यक्ष दादा ईश्‍वरदास रोहाणी की स्‍मृति में आयोजित किये गये गौरव शिखर सम्‍मान समारोह के समापन पर रोहाणी परिवार ने मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव को स्‍मृति चिन्‍ह भेंट किया। इस दौरान मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने दादा ईश्‍वरदास रोहाणी की स्‍मृति में पुस्‍तक का विमोचन भी किया।

अन्य ख़बरें

विकास के एजेंडे पर बोलने का अधिकार कांग्रेस नेताओं को नहीं – राकेश सिंह

Newsdesk

रायपुर से बस में गांजा लेकर जबलपुर पहुंचा तस्कर गिरफ्तार, बरेला में लाखों की खेप जब्त

Newsdesk

ईंधन बचाने का संदेश: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेताओं के साथ ट्रैवलर में किया सफर

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading