July 2, 2026
सी टाइम्स
इनसाइट टुडे

नगर निगम पहली बार जारी करेगा 500 करोड़ रुपये के बॉन्ड,शहर विकास के लिए जुटाए जाएंगे संसाधन

जबलपुर। शहर के विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से नगर निगम जबलपुर ने 500 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। नगर निगम के इतिहास में यह पहला अवसर होगा, जब निगम बॉन्ड के माध्यम से बाजार से इतनी बड़ी राशि जुटाएगा। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने बताया कि इस धनराशि का उपयोग शहर में अधोसंरचना, सड़क, जलापूर्ति, सीवरेज तथा अन्य जनहित की विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए किया जाएगा।
बॉन्ड जारी करने की प्रक्रिया के तहत नगर निगम ने सेबी (SEBI) से पंजीकृत कंसल्टेंट, फर्म, कंपनियों और एजेंसियों से निविदाएं आमंत्रित की हैं। चयनित एजेंसी मर्चेंट बैंकर के चयन, वित्तीय योजना तैयार करने और बॉन्ड जारी करने की संपूर्ण प्रक्रिया में निगम का मार्गदर्शन करेगी। इसके साथ ही कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए लीगल कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिसके लिए अलग से टेंडर जारी किए गए हैं।
महापौर ने बताया कि सभी तकनीकी, वित्तीय और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद प्रस्ताव राज्य सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। यदि आवश्यकता हुई तो राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार की स्वीकृति भी प्राप्त की जाएगी। इसके बाद ही बॉन्ड जारी करने की अंतिम प्रक्रिया पूरी होगी।
नगर निगम का कहना है कि बॉन्ड जारी होने के बाद निवेश की न्यूनतम और अधिकतम सीमा निर्धारित की जाएगी। उम्मीद है कि शहर के उद्योगपति, व्यवसायी, बिल्डर और अन्य निवेशक इसमें रुचि दिखाएंगे। निगम का मानना है कि इस पहल से विकास कार्यों के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे कई लंबित और नई परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सकेगा। यह पहल जबलपुर के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

अन्य ख़बरें

जबलपुर क्लब चुनाव: कैलाश मलगानी बने अध्यक्ष, अचल सिंह गौर सचिव निर्वाचित

Newsdesk

रिश्तेदार के शादी समारोह में सरेआम कहा ‘तलाक, तलाक, तलाक’; पत्नी को छोड़ पति ने किया दूसरा निकाह

Newsdesk

आरटीओ का बड़ा एक्शन, जून में 1,528 वाहनों पर कार्रवाई; 59 लाख रुपये का जुर्माना

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading