निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें साक्षरता सर्वे कार्य – सीईओ जिला पंचायत
शहडोल 03 जुलाई 2026_मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत शहडोल श्री शिवम प्रजापति की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) शहडोल में बुधवार को जिला स्तरीय कार्यशाला सह बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी साक्षरता सर्वे एवं नव साक्षरों की परीक्षा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर. मंगलानी, डाइट प्राचार्य श्रीमती अभिलाषा मिश्रा, जिला प्रबंधक एनआरएलएम श्री अजय सिंह, जिला साक्षरता अधिकारी श्रीमती सावित्री सोनी सहित शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी, बीएसी, विकासखंड सह समन्वयक, संकुल सह समन्वयक तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान राज्य शिक्षा केंद्र से प्राप्त पॉवर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से साक्षरता सर्वे, नव साक्षरों की परीक्षा तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बैठक में 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार जिले में डोर-टू-डोर सर्वे अभियान संचालित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम प्रजापति ने निर्देश दिए कि जिले में प्राप्त प्रशिक्षण को तत्काल विकासखंड स्तर तक पहुंचाते हुए सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि साक्षरता अभियान शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी अधिकारी एवं मैदानी अमला आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में नव साक्षरों की परीक्षा की तैयारियों, सर्वे कार्य की मॉनिटरिंग तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आवश्यक रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।


