जबलपुर। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने डिंडौरी जिले के आकांक्षी विकासखंड बजाग का सघन दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं जनकल्याण योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हाईस्कूल सरवाही में विद्यार्थियों से संवाद कर नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया तथा सभी स्कूलों और छात्रावासों में विद्यार्थियों के नामांकन व प्रवेश को अभियान के रूप में चलाकर समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही शत-प्रतिशत अपार आईडी निर्माण और पाठ्यपुस्तकों के समय पर वितरण पर भी जोर दिया।
दौरे के दौरान संभागायुक्त ने हर्रा टोला स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और टीकाकरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा पोषण गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। मझियाखार में जैविक उद्यानिकी मॉडल का अवलोकन कर किसानों को आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर कार्यालय डिंडौरी में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, सड़क सुरक्षा, पीएम आवास, जल जीवन मिशन, पीएमजीएसवाई, संबल योजना और अन्य प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने खाद-बीज की समय पर उपलब्धता, गुणवत्ता की नियमित जांच तथा अमानक सामग्री बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। छात्रावासों, स्कूलों और आंगनवाड़ियों में भोजन की गुणवत्ता, पेयजल टंकियों की नियमित सफाई और वाटर टेस्टिंग सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


