जबलपुर। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 24 जून से 8 जुलाई तक चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत जबलपुर पुलिस ने शुक्रवार को जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में संचालित अभियान के दौरान एक ही दिन में करीब 13 हजार लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई और साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और विभिन्न संस्थानों में पहुंचकर लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजनाओं, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं केवाईसी फ्रॉड, फिशिंग लिंक, क्यूआर कोड स्कैम, सोशल मीडिया हैकिंग और साइबर बुलिंग जैसे अपराधों से सतर्क रहने के उपाय बताए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित साइबर शपथ कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष जाखड़ ने करीब 150 अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई।
उप पुलिस अधीक्षक (साइबर) अंजुल अयंक मिश्रा के नेतृत्व में श्रीराम कॉलेज माढ़ोताल, सेंट्रल एकेडमी स्कूल, होली क्रॉस स्कूल, एपीएन स्कूल, रॉयल हायर सेकेंडरी स्कूल सहित जिले के कई शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को प्रोजेक्टर, वीडियो प्रस्तुति, प्रश्नोत्तरी और संवाद के माध्यम से साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
इसके अलावा बरेला, विजयनगर, रांझी, केंट, संजीवनी नगर, गोराबाजार, गोसलपुर, कटंगी, ओमती, अधारताल, गढ़ा, ग्वारीघाट, सिहोरा, कुण्डम, चरगवां, मझगवां सहित जिले के अनेक थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने जनजागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी निवेश योजना, अधिक मुनाफे के लालच वाले शेयर मार्केट विज्ञापन या ऑनलाइन लेन-देन के झांसे में न आएं। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हों तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या http://www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।


