23,116 मतों की गिनती पूरी, 845 मतपत्र निरस्त; पुरुष और महिला वर्ग में कई दिग्गज उम्मीदवार आगे
जबलपुर। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद (स्टेट बार काउंसिल) निर्वाचन-2026 की मतगणना हर चरण के साथ रोमांचक होती जा रही है। लगातार जारी मतगणना में इंदौर जिले की तहसीलों की सभी मतपेटियों के साथ जिले की एक अतिरिक्त मतपेटी की गिनती भी पूरी कर ली गई है। शेष मतपेटियों की गणना आगामी चरणों में की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त रुझानों के अनुसार पुरुष प्रत्याशियों में राकेश सिंह भदौरिया, गौरव मिश्रा, जितेन्द्र कुमार शर्मा, डॉ. विजय कुमार चौधरी और दिनेश कुमार शुक्ला ने बढ़त बना रखी है।
वहीं महिला वर्ग में प्रतीका पाठक, अब्बू पटेल, राजकुमारी शर्मा, गायत्री सुर्वे और रश्मि ऋतु जैन अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रही हैं। इस चुनाव में महिला अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एस.के. पालो तथा वरिष्ठ अधिवक्ता नमन नागरथ के अनुसार, 16 जून से शुरू हुई मतगणना में अब तक 23,116 मतपत्रों की गणना पूरी हो चुकी है। इनमें 22,271 मतपत्र वैध पाए गए, जबकि 845 मतपत्र तकनीकी त्रुटियों और निर्वाचन नियमों के उल्लंघन के कारण निरस्त घोषित किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार शेष मतपेटियों की गिनती भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगी, जिसके बाद अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे। फिलहाल हर दौर के साथ चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक तथा कांटे का होता जा रहा है।


