26.9 C
Jabalpur
July 15, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

राकंपा (शरद) के 10 में से नौ विधायक राजग में मिलने के पक्ष में: सूत्र + 7

राहुल गांधी मानहानि मामला : जिरह में सात्यकि सावरकर ने माना कि उन्हें क्षमादान और दया याचिका में अंतर नहीं मालूम

पुणे, 14 जुलाई (वार्ता) श्री विनायक दामोदर सावरकर पर की गयी टिप्पणियों को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज आपराधिक मानहानि मामले में मंगलवार को उस समय अहम मोड़ आया, जब शिकायतकर्ता सात्यकि सावरकर ने पुणे स्थित विशेष एमपी/एमएलए अदालत के समक्ष जिरह के दौरान कई बातें स्वीकार कीं।सुनवाई के दौरान सात्यकि सावरकर ने कहा कि उनका यह दावा कि ‘यदि श्री सावरकर ने अंग्रेजों से समझौता कर लिया होता, तो वे उन्हें प्रधानमंत्री बना देते’, उनकी व्यक्तिगत राय थी।उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें ‘सामान्य क्षमादान’ और ‘दया याचिका’ के में अंतर की जानकारी नहीं थी।
उन्होंने यह भी कहा कि वे नहीं जानते कि प्रथम विश्व युद्ध के बाद राजनीतिक बंदियों को सामान्य क्षमादान का लाभ मिला था या नहीं अथवा श्री सावरकर ऐसे किसी क्षमादान के तहत आते थे या नहीं।श्री राहुल गांधी की ओर से पेश वकील मिलिंद दत्तात्रेय पवार ने विशेष न्यायाधीश अमोल श्रीराम शिंदे के समक्ष यह जिरह की।बचाव पक्ष ने उनसे महात्मा गांधी के 10 मई 1930 को यरवदा जेल से ब्रिटिश अधिकारी मेजर ईई डॉयल को लिखे पत्र के बारे में भी सवाल पूछे।सुनवाई के दौरान संदर्भित इस पत्र में 100 रुपये के प्रस्तावित मासिक भत्ते, केवल आवश्यक सुविधाएं स्वीकार करने के गांधी जी के आग्रह, सादगी पर उनके जोर, कामकाजी वर्ग के प्रति उनकी चिंता और जेल प्रशासन पर उनके विचारों की चर्चा थी।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिरह के दौरान अदालत के समक्ष उनके कुछ बयान उनकी व्यक्तिगत राय पर आधारित थे।अदालत का समय समाप्त होने के कारण जिरह पूरी नहीं हो सकी। आगे की जिरह के लिए मामले की सुनवाई 30 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गयी है।
स्पा में सेक्स रैकेट का किया खुलासा, छह महिलाएं बचायी गयीं, दो गिरफ्तार

मुंबई, 14 जुलाई (वार्ता) पुलिस ने पड़ोसी जिले पालघर के नालासोपारा पश्चिम स्थित एक स्पा सेंटर से चल रहे देह व्यापार का खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान में छह महिलाओं को मुक्त भी कराया गया है।आरोपियों की नाम महेश चह्वाण (22) और कमलेश पाठक हैं। पुलिस ने ‘रीगल स्पा सेंटर’ के संचालक भीमसेन नायक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है, जो फिलहाल फरार है।पुलिस के अनुसार, नालासोपारा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां स्पा की आड़ में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं।जानकारी के आधार पर पुलिस ने स्पा परिसर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पाया कि इस केंद्र का इस्तेमाल सेक्स रैकेट चलाने के लिए किया जा रहा था।छापेमारी के दौरान परिसर से छह महिलाओं को बचाया गया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि उन्हें आसान पैसों का लालच देकर देह व्यापार में धकेला गया था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अविश्वास प्रस्ताव पर 17 जुलाई को होगी चर्चा: छत्तीसगढ़ विधानसभा

रायपुर, 14 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया।विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए घोषणा की कि इस पर सत्र के अंतिम दिन 17 जुलायी को चर्चा करायी जायेगी।राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा में यह 10वां अविश्वास प्रस्ताव है। इससे पहले नौ अवसरों पर सरकारों के खिलाफ लाये गये अविश्वास प्रस्ताव सदन में बहुमत के अभाव में पारित नहीं हो सके थे।कांग्रेस ने संकेत दिया है कि वह नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों को लेकर सरकार को घेरेगी।दूसरी ओर, भाजपा सरकार अपनी योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक उपलब्धियों का पक्ष रखेगी।वर्तमान विधानसभा में भाजपा के 54, कांग्रेस के 35 तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के एक विधायक हैं, जिससे संख्या बल सरकार के पक्ष में है।
विधानसभा सचिवालय में एक दशक बाद 182 अधिकारियोंकर्मचारियों को पदोन्नति

भोपाल, 14 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा सचिवालय में लगभग एक दशक बाद विभिन्न संवर्गों के 182 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया। इस अवसर पर पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर का सम्मान कर आभार व्यक्त किया।आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार पदोन्नति पाने वालों में प्रथम श्रेणी के 15, द्वितीय श्रेणी के 40, तृतीय श्रेणी के 93 तथा चतुर्थ श्रेणी के 34 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर के प्रयासों और पहल से वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी हो सकी, जिससे कर्मचारियों में नया उत्साह और कार्य के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ है।विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने पदोन्नति प्राप्त सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे नई जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी, दक्षता और जनसेवा की भावना के साथ करें तथा विधानसभा सचिवालय की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में योगदान दें। कार्यक्रम में विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
स्कूल से तीन वर्षीय छात्र के कथित अपहरण से सनसनी

मुरैना, 14 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुरैना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक निजी स्कूल से तीन वर्षीय छात्र के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार कार्तिकेय पुत्र नीलेश राजपूत, शहर के रेनबो स्कूल में प्ले ग्रुप का छात्र है। स्कूल की छुट्टी के समय स्कूटी पर सवार दो युवक स्कूल पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक बच्चे को गोद में उठाकर स्कूटी तक ले गया, जिसके बाद दोनों उसे लेकर फरार हो गए।
परिजनों ने बताया कि बच्चे के माता-पिता के बीच मतभेद होने के कारण वे अलग-अलग रहते हैं। कार्तिकेय अपनी ननिहाल स्थित गायत्री कॉलोनी में रह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा बच्चे और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। मामले में अपहरण सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
एक साजिश के तहत बांकीपुर विधानसभा चुनाव के लिए उनका नामांकन रद्द किया गया है:वीणा मानवी

पटना, 14 जुलाई (वार्ता) बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी ने मंगलवार को कहा कि एक साजिश के तहत उनके नामांकन को रद्द किया गया है।श्रीमती मानवी ने आज संवाददाताओं से कहा कि सोमवार को नामांकन के दिन एक पुराने शिकायती मुकदमे की गांठ खोल कर उन्हें गिरफ्तार किया गया, जिसकी वजह से तनाव के साथ समयाभाव में नामांकन में कुछ त्रुटियां रह गईं थी। उन्होंने कहा कि आज जांच के दिन उनको सुबह 11 बजे तक त्रुटि सुधार के लिए बुलाया गया और नामांकन सुधार के समय उन्हें गुमराह किया गया। उन्होंने कहा कि जिन दस लोगों को प्रस्तावक के रूप में दस्तखत करते थे उनमें रूबी कुमारी का विवरण नही मिलने पर नए नाम की मांग की गई। उन्होंने कहा कि एक नए प्रस्तावक को लाया गया, लेकिन इस दौरान गलती से एक व्यक्ति का हस्ताक्षर छूट गया, जिसके बारे में किसी ने नही बताया।जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार ने कहा कि उनके साथ अन्याय हुआ है और यह एक पार्टी विशेष के इशारे पर किया है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वह इस निर्णय को स्वीकार नहीं करेंगी और इस अन्याय के खिलाफ लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि वह अगले दो दिन में इस सम्बंध में कानूनी उपायों को समझने के बाद कोई निर्णय लेगी।

हवाला के जरिये दुबई से पाकिस्तानी तस्करों को नौ लाख रुपये भिजवाने वाला गिरफ्तार

श्रीगंगानगर, 14 जुलाई (वार्ता) राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में करीब 20 दिन पहले पाकिस्तानी ड्रोन से आयी 55 करोड रुपये की हेरोइन के मामले में पुलिस ने दुबई से हवाला के माध्यम से पाकिस्तानी तस्करों को नौ लाख रुपये भेजने के आरोपी को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने मंगलवार को बताया कि पंजाब में जालंधर के हरप्रीतसिंह उर्फ टेंजी (33) को गिरफ्तार किया गया है। हरप्रीतसिंह ने प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा किया कि उसने श्रीगंगानगर जिले के साथ लगते अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन से हेरोइन मंगवाने के लिये हवाला के जरिये नौ लाख रुपये दुबई से पाकिस्तान में तस्कर को भिजवाये थे।
उल्लेखनीय है कि 26 जून को श्रीगंगानगर जिले के जैतसर थाना क्षेत्र में पुलिस ने तस्करों की गाड़ी को पकड़ा था। गाड़ी में धर्मेंद्र सिंह उर्फ बब्बू (32) और जसविंदरसिंह उर्फ जस्सी (34) को गिरफ्तार किया था। उनसे नौ किलो 908 ग्राम हेरोइन और एक लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद हुए थे। उसी दिन पुलिस ने जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी की पत्नी नवजोत कौर को भी उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से आधा किलो हेरोइन बरामद हुई थी।

राकंपा (शरद) के 10 में से नौ विधायक राजग में मिलने के पक्ष में: सूत्र

मुंबई, 14 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रवादी कांग्रेसी पार्टी (राकंपा-शरद) के 10 में से नौ विधायकों ने शरद पवार के करीबी और पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल की बुलायी गयी हालिया बैठक में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ गठबंधन करने की इच्छा जतायी है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वर्तमान में, राकंपा (शरद) के पास 10 विधायक, आठ लोकसभा सांसद और एक राज्यसभा सांसद हैं। राज्यसभा के सदस्य खुद शरद पवार हैं। फिलहाल राकंपा (शरद) कांग्रेस और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के साथ विपक्ष के ‘महा विकास अघाड़ी’ (एमवीए) गठबंधन का हिस्सा है। महाराष्ट्र विधानसभा में एमवीए की कुल ताकत इस समय 46 विधायकों की है, जिसमें उद्धव ठाकरे गुट के 20 और कांग्रेस के 16 विधायक शामिल हैं।सूत्रों का कहना है कि शरद पवार समूह के नौ विधायकों ने जयंत पाटिल से सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजग के घटक दल के रूप में काम करने का आग्रह किया है। विधायकों का मानना है कि अपने-अपने क्षेत्रों में रुके हुए विकास कार्यों को पूरा करने के लिए सरकारी धन पाना और आगामी 2029 का विधानसभा चुनाव जीतना जरूरी है।सूत्रों के मुताबिक श्री शरद पवार के पोते और विधायक रोहित पवार इस बैठक से दूर रहे, क्योंकि वे राजग में शामिल होने के सख्त खिलाफ हैं। बैठक खत्म होने के बाद रोहित पवार ने फोन पर सभी विधायकों से संपर्क कर उनकी राय जानने की कोशिश भी की।बैठक के बाद श्री पाटिल ने विधायकों से कहा, “ मैं आप सभी की भावनाएं और संदेश पार्टी अध्यक्ष शरद पवार तक पहुंचा दूंगा।” सूत्रों के अनुसार, श्री पाटिल से विधायकों का संदेश मिलने के बाद शरद पवार सभी विधायकों और सांसदों की एक संयुक्त बैठक बुला सकते हैं, जिसके बाद पार्टी के आधिकारिक रुख की घोषणा की जाएगी।
सूत्रों का यह भी कहना है कि श्री पाटिल खुद इस बात से सहमत हैं कि राजग के साथ जाने से पार्टी को फायदा होगा। उन्होंने विधायकों से कहा कि राजग में शामिल होना पार्टी के सामने मौजूद सबसे बेहतर विकल्प है।

अन्य ख़बरें

आईआरसीटीसी 15 जुलाई को लॉन्च करेगा नई वेबसाइट, टिकट बुकिंग होगी पहले से कहीं ज्यादा तेज, मिलेंगे कई स्मार्ट फीचर्स

Newsdesk

इंडिया पोस्ट ने पहली तिमाही में पहली बार 4,000 करोड़ रुपए का कारोबार पार किया, रचा नया इतिहास: ज्योतिरादित्य सिंधिया

Newsdesk

भारतीय मूल के नासा अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन पहली बार अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे, 8 महीने के मिशन पर गए हैं

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading