श्रीहरिकोटा से प्रक्षेपण के दौरान टीम का रहे हिस्सा, जिले में खुशी की लहर
देश के अंतरिक्ष अभियान में बालाघाट जिले ने एक बार फिर गौरवपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई है। श्रीहरिकोटा से 18 जुलाई को किए गए विक्रम-1 यान के प्रक्षेपण में बालाघाट जिले के युवा वैज्ञानिक डॉ. सौरभ पटले ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रक्षेपण के दौरान वे मिशन टीम के साथ मौजूद रहे।
प्रक्षेपण के समय ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला एवं उनकी टीम के साथ इसरो में कार्यरत बालाघाट के वैज्ञानिक डॉ. सौरभ पटले की मौजूदगी जिले के लिए गर्व का विषय बनी। देश के इस महत्वपूर्ण अंतरिक्ष मिशन में उनका योगदान बालाघाट ही नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए सम्मान और प्रेरणा का स्रोत माना जा रहा है।
डॉ. सौरभ पटले की इस उपलब्धि से जिले के युवाओं में विज्ञान एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति नई प्रेरणा का संचार हुआ है। उनके इस योगदान पर जिले के नागरिकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
बालाघाट के इस प्रतिभाशाली वैज्ञानिक ने देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम में अपनी सहभागिता से यह साबित किया है कि छोटे शहरों और ग्रामीण अंचलों से निकली प्रतिभाएं भी अपनी मेहनत और लगन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं। डॉ. सौरभ पटले की सफलता बालाघाट जिले के लिए गौरव का क्षण है और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण भी।


