भैंस चोरी के मामले में तत्काल एफआईआर और जांच न होने का आरोप, बादलपार चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल_सिवनी/चक्कीखमरिया : जिले के कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बादलपार चौकी के ग्राम चक्कीखमरिया में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर चोरियों पर शीघ्र अंकुश लगाने तथा भैंस चोरी सहित अन्य मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह एक गरीब किसान है और भैंसों का दूध बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। 29 जुलाई 2026 को उसके घर से तीन भैंस, एक पड़िया और एक बोदा चोरी हो गए। इसकी सूचना देने पर बादलपार चौकी में आवेदन तो ले लिया गया, लेकिन तत्काल एफआईआर दर्ज करने के बजाय शाम को आने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यदि तत्काल प्रकरण दर्ज कर घटनास्थल पर मौजूद पैरों के निशानों के आधार पर जांच शुरू की जाती, तो आरोपियों तक पहुंचना संभव हो सकता था।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो-तीन महीनों में चक्कीखमरिया में कई चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन किसी भी मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत के अनुसार 4 मार्च 2026 को हंसा यादव के घर से सात बकरियां चोरी हुईं, 16 जुलाई को भोजराज गोस्वामी के यहां से 50 बोरी यूरिया और 8 बोरी एनपीके खाद चोरी हुई, वहीं उसी दिन पंकज बाजपेयी के खेत की मोटर से कॉपर वायर भी चोरी कर लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इन मामलों में भी न तो प्रभावी जांच हुई और न ही शिकायतकर्ताओं को एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराई गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही चोरियों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं और क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भैंस चोरी के मामले में तत्काल जांच कराने, पूर्व की चोरियों का खुलासा करने तथा क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाकर चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी उल्लेख किया कि कुरई थाना क्षेत्र के कलबोडी गांव में भी एक सप्ताह के भीतर दो चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें किसान कमल साहू के घर दिनदहाड़े लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने की घटना ने क्षेत्रवासियों की चिंता और बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे क्षेत्र में चोरी की बढ़ती वारदातों पर सख्त कार्रवाई कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है।


