जबलपुर। नाग पंचमी के अवसर पर वन विभाग ने सांपों के अवैध प्रदर्शन और उनके साथ हो रही क्रूरता के खिलाफ शहर में विशेष अभियान चलाया। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मदन महल और गौरीघाट समेत कई सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई करते हुए टीम ने 14 से अधिक सांपों को रेस्क्यू किया और 12 सपेरों को पकड़ा।
वन विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान कोबरा और धामन प्रजाति के सांप बरामद किए। जांच में सामने आया कि कुछ सपेरों ने सांपों के मुंह धागे से सिल रखे थे। पकड़े गए सपेरे तेंदूखेड़ा, नरसिंहपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए थे।
रेस्क्यू किए गए सांपों को पशु चिकित्सा महाविद्यालय ले जाकर उनके मुंह पर लगे टांके खोले जाएंगे। इसके बाद प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य जांच की जाएगी। डॉक्टरों से स्वास्थ्य प्रमाणपत्र मिलने के बाद सांपों को उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ा जाएगा।
वन विभाग के मुताबिक, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सांपों को पकड़ना, उन्हें प्रताड़ित करना और उनका व्यावसायिक प्रदर्शन करना अपराध है। विभाग की टीमें शहर के अन्य हिस्सों में भी लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं। आम लोगों से भी सपेरों द्वारा सांपों का प्रदर्शन किए जाने की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है।


