अहमदाबाद, अहमदाबाद के नारनपुरा में करीब 825 करोड़ की लागत से तैयार वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खिलाड़ियों को न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, बल्कि अहमदाबाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए तैयार करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। गुजरात सरकार और केंद्र सरकार के सहयोग से निर्मित इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण पिछले साल 14 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया था। यह कॉम्प्लेक्स खिलाड़ियों और कोचों के लिए ट्रेनिंग, फिटनेस, मेडिकल और रहने की सुविधाएं देता है। 1.19 लाख वर्ग मीटर में फैले इस कॉम्प्लेक्स में स्विमिंग, टेनिस, बैडमिंटन, शूटिंग, कुश्ती और जिमनास्टिक सहित 18 खेलों के लिए इनडोर और आउटडोर सुविधाएं हैं। कॉम्प्लेक्स में सात एंट्री गेट, दर्शकों के बैठने की जगह और विज़िटर्स के लिए 900 गाड़ियों की पार्किंग भी है।खिलाड़ियों का कहना है कि उन्हें यहां ट्रेनिंग से लेकर फिटनेस तक हर तरह की सुविधा मिलती है। इससे बड़ी खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी में सुविधा मिल रही है। अहमदाबाद में 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन होना है। भारत सरकार 2036 में ओलंपिक की मेजबानी अहमदाबाद में ही करना चाहती है और इसके लिए आवेदक कर रही है। इन दोनों वैश्विक आयोजनों में वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की भूमिका काफी अहम होगी।


