नई दिल्ली, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल, शिवराज सिंह और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने श्रद्धांजलि दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पोस्ट में कहा, “प्रखर समाजवादी चिंतक, स्वतंत्रता सेनानी एवं सामाजिक न्याय के पुरोधा डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उनका जीवन राजनीतिक शुचिता, सामाजिक न्याय और वंचितों के अधिकारों के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज में व्याप्त असमानताओं को दूर करने तथा राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए। डॉ. लोहिया के विचार आज भी समावेशी, न्यायपूर्ण एवं संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में हमारा मार्गदर्शन करते हैं।” सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट किया, “अपनी प्रखर देशभक्ति और तेजस्वी विचारों के कारण डॉ. राम मनोहर लोहिया ने सभी के मन में अपार सम्मान प्राप्त किया। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र अभिवादन।” केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा, “महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर समाजवादी चिंतक एवं ओजस्वी वक्ता डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं! राष्ट्र की सेवा और समाज के शोषित-वंचित वर्ग के उत्थान एवं सामाजिक न्याय की दिशा में आपके द्वारा किए गए कार्य हम सभी को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।”
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पोस्ट में कहा, “महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर समाजवादी विचारक व चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। डॉ. लोहिया ने अपने विचारों और सिद्धांतों से देश की राजनीति में उच्च आदर्श स्थापित किए। सामाजिक सशक्तीकरण व देश के समग्र विकास हेतु उनके पुण्य विचार हमें राष्ट्र व समाज के नवनिर्माण के लिए प्रेरित करते रहेंगे।” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, “महान स्वतंत्रता सेनानी, ‘सप्त क्रांति’ के प्रणेता एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। जन-कल्याण को लेकर भारतीय राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता और सामाजिक समता के लिए उनका संघर्ष व चिंतन सदैव राष्ट्र को नई दिशा तथा प्रेरणा प्रदान करता रहेगा।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में कहा, “महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर समाजवादी चिंतक और सामाजिक न्याय के पुरोधा डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर सादर श्रद्धांजलि। लोहिया जी ने अपना संपूर्ण जीवन अन्याय, असमानता और भेदभाव के विरुद्ध संघर्ष करते हुए गरीबों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। सामाजिक समरसता, समान अवसर और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के प्रति उनका संकल्प तथा राष्ट्रहित में उनका निर्भीक चिंतन सदैव प्रेरणा देता रहेगा।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, “‘सप्तक्रांति’ के प्रणेता एवं महान स्वाधीनता सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि!लोकतंत्र को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और सामाजिक न्याय की अलख जगाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनके विचार युगों-युगों तक राष्ट्र को समतामूलक समाज के निर्माण की प्रेरणा देते रहेंगे।” हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक्स पोस्ट में कहा, “सामाजिक न्याय, समानता और जनहित के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले प्रखर चिंतक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उनके विचारों ने समाज के वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों को मुखरता प्रदान की। अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और समतामूलक समाज की स्थापना के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव राष्ट्र को प्रेरित करती रहेगी।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, “महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर समाजवादी चिंतक एवं सामाजिक न्याय के पुरोधा डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र की स्वाधीनता, सामाजिक समानता और वंचितों के अधिकारों के लिए आपका संघर्ष तथा वैचारिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”


