**
**मरम्मत के नाम पर भेजे जा रहे संदेश, लेकिन मौके पर नहीं हो रहा कार्य; जेई का फोन भी रहता है बंद**
**चचाई।** चचाई विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में बार-बार हो रही बिजली कटौती से किसान और आम उपभोक्ता परेशान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में लगभग हर एक घंटे में बिजली काटी जा रही है। रात हो या दिन, बिजली की आंखमिचौली लगातार जारी है। इससे जहां किसानों के कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं आम लोगों को भी दैनिक कामकाज में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली कटौती के संबंध में जब संबंधित कनिष्ठ अभियंता (जेई) को फोन लगाया जाता है, तो उनका मोबाइल लगातार बंद मिलता है। वहीं, विद्युत कार्यालय में चर्चा के दौरान लोगों को बताया गया कि बिजली कटौती जबलपुर से मिले आदेश के तहत की जा रही है। हालांकि, इस आदेश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।उपभोक्ताओं की शिकायत है कि बिजली विभाग की ओर से मोबाइल पर लाइन मरम्मत कार्य के लिए बिजली बंद रहने के संदेश भेजे जाते हैं, लेकिन निर्धारित समय पर मौके पर मरम्मत कार्य होता दिखाई नहीं देता। ऐसे में उपभोक्ताओं के मन में सवाल उठ रहे हैं कि जब मरम्मत कार्य नहीं हो रहा है, तो बार-बार बिजली कटौती क्यों की जा रही है।नवरात्रि पर्व शुरू होने के साथ ही घरों और पूजा पंडालों में धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। ऐसे में रात-दिन जारी बिजली कटौती से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। वहीं, किसानों को भी सिंचाई सहित अन्य कृषि कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि बार-बार हो रही बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए और क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ताकि किसानों और आमजन को राहत मिल सके।


