महिलाओं के कथित उत्पीड़न के मामले में कार्रवाई की मांग, मालवीय चौक पर प्रदर्शन
जबलपुर। कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम के खिलाफ महिलाओं के कथित उत्पीड़न के मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा जबलपुर महानगर ने मालवीय चौक पर विरोध प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।
भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने नेताओं के मामलों में उचित कार्रवाई नहीं करती। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ कथित उत्पीड़न के मामले गंभीरता से लिए जाने चाहिए और संबंधित सांसद के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।
महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष आत्मिका सिंह ने कहा कि मामले में आरोप सामने आने के बाद भी कांग्रेस की ओर से कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने दावा किया कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने आंतरिक जांच के बाद बिमोल अकोइजम को सेवा से बर्खास्त किया है। उन्होंने महिलाओं को न्याय दिलाने और मामले में कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में महिला मोर्चा ग्रामीण अध्यक्ष रश्मि बादल, अंजू भार्गव, कोषाध्यक्ष अर्चना अग्रवाल, रजनी यादव, प्रीति बाजपेई, दुर्गा उपाध्याय, सोनिया सिंह और अंशुल राघवेंद्र यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। महिला मोर्चा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच तथा उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।


