प्रमुख बाजारों और चौराहों पर जाम से लोग परेशान, यातायात पुलिस की तैनाती पर उठे सवाल
जबलपुर। शारदीय नवरात्र में दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन, झांकियां देखने और खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़ के बीच शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। शाम होते ही प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। कई स्थानों पर 500 मीटर की दूरी तय करने में एक से दो घंटे तक लगने की स्थिति बन रही है। इससे श्रद्धालुओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बड़ा फुहारा, गोरखपुर बाजार, सदर, गढ़ा, रांझी, गढ़ा फाटक, पड़ाव, सराफा, गोहलपुर, आधारताल, स्नेह नगर, लेबर चौक, रसाल चौक और शास्त्री ब्रिज सहित अनेक क्षेत्रों में यातायात प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। जाम के बीच वाहन चालक आगे निकलने के प्रयास में अपने वाहन आड़े-तिरछे कर देते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है।
पैदल राहगीरों की मुश्किलें बढ़ीं
बाजारों में वाहनों के फुटपाथ तक पहुंचने से पैदल चलने वालों के लिए रास्ता कम पड़ रहा है। बच्चों और बुजुर्गों को भीड़ के बीच निकलने में परेशानी हो रही है। आपातकालीन वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका भी चिंता का विषय है।
पार्किंग और डायवर्जन की जरूरत
नवरात्र के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त यातायात बल की तैनाती, अस्थायी पार्किंग और प्रभावी रूट डायवर्जन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। नागरिकों का कहना है कि समय रहते बेहतर इंतजाम किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को घंटों जाम में न फंसना पड़े और त्योहार के दौरान यातायात सुचारु बना रहे।


