मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों से संवाद के बाद आँगनवाड़ी केंद्र पहुँचे कलेक्टर
जबलपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को मझौली विकासखंड के ग्राम रानीताल पहुँचे कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों से सीधे संवाद करने के बाद आँगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के साथ आँगनवाड़ी केंद्र पहुँचे कलेक्टर ने बच्चों को दिए जा रहे भोजन और टेक होम राशन सहित टीकाकरण तथा बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने आँगनवाड़ी कार्यकर्ता से केंद्र में दर्ज बच्चों की संख्या, उनकी उपस्थिति, पोषण स्तर और उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में भी विस्तार से चर्चा की।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आँगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देना शासन की प्राथमिकता है। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और पोषण संबंधी परामर्श में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सहज और सरल अंदाज में बच्चों से बातचीत की और स्वयं उनका वजन भी लिया। उन्होंने बच्चों से उनके नाम, पसंदीदा भोजन और पढ़ाई के बारे में पूछा। बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और वजन की जानकारी पोषण ट्रैकर में नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि कुपोषण की स्थिति की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार और पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के आँगनवाड़ी केंद्र पहुँचने पर बच्चों ने उन्हें गुलाब के फूल भेंट कर स्वागत किया। अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और स्वस्थ रहने की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, आँगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


