ग्रामीण परिवारों को आबादी की भूमि पर संपत्ति के वैध दस्तावेज उपलब्ध कराने विशेष अभियान
जबलपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी की भूमि पर निवास कर रहे परिवारों को उनकी संपत्ति के वैध और कानूनी दस्तावेज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में स्वामित्व योजना के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के अंतर्गत गांवों में देर रात तक शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां पात्र हितग्राहियों को नि:शुल्क रजिस्ट्री की सुविधा प्रदान की जा रही है।
अभियान के तहत राजस्व विभाग का मैदानी अमला गांवों में पहुंचकर पट्टाधारकों की रजिस्ट्री संबंधी प्रक्रिया पूरी करा रहा है। इससे ग्रामीण परिवारों को अपनी संपत्ति के कानूनी दस्तावेज प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है। स्वामित्व योजना का उद्देश्य ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में संपत्ति के स्वामित्व को कानूनी मान्यता देना और लोगों के संपत्ति संबंधी अधिकारों को सुरक्षित करना है।
शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर आवश्यक प्रक्रियाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन द्वारा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए राजस्व अमले को सक्रिय रखा गया है, ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।
स्वामित्व योजना के तहत संपत्ति के दस्तावेज मिलने से ग्रामीणों को भविष्य में स्वामित्व संबंधी विवादों से बचने और अपनी संपत्ति के अधिकारों को प्रमाणित करने में मदद मिलेगी।


