आधारताल की चार दुकानों का निरीक्षण, मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से भी की गई खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच
जबलपुर। दीपावली पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने और उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने आधारताल क्षेत्र की मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार जांच अभियान के तहत आधारताल स्थित विशन स्वीट्स, बंगाली स्वीट्स, न्यू इंदौर स्वीट्स और कृष्णा डेयरी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के 10, नमकीन एवं कैडबरी सेलिब्रेशन के दो तथा दूध और मावे के दो नमूने लिए गए। इस प्रकार कुल 14 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
निरीक्षण के दौरान मौके पर उपलब्ध मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से भी खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी एकत्रित नमूनों को विस्तृत परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में यदि कोई नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा अन्य लागू नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का यह अभियान त्योहार के दौरान मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जारी रहेगा।


