स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी, सांदीपनि विद्यालय और निर्माणाधीन तहसील भवन का लिया जायजा
जबलपुर। जिले में विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने सिहोरा विकासखंड का भ्रमण कर विभिन्न ग्रामों एवं संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत और एसडीएम ज्योति परस्ते सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
गोसलपुर में स्वामित्व योजना की समीक्षा
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत गोसलपुर में स्वामित्व योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसलपुर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एक वर्ष तक के बच्चों के नियमित टीकाकरण की व्यवस्था और उनकी ट्रैकिंग की जानकारी लेते हुए सभी बच्चों का निर्धारित समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की नवनिर्मित बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया।
आंगनवाड़ी में बच्चों से किया संवाद
ग्राम पंचायत कछपुरा के आंगनवाड़ी केंद्र में कलेक्टर ने बच्चों से बातचीत कर उनकी सीखने की क्षमता और शैक्षणिक गतिविधियों को परखा। उन्होंने बच्चों से चित्रों और शिक्षण सामग्री के संबंध में सवाल पूछे। बच्चों के जवाब और पढ़ाने के तरीके की सराहना करते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को रोचक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा देने के लिए प्रोत्साहित किया।
निर्माणाधीन भवनों का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने ग्राम पोंडा में निर्माणाधीन तहसील भवन का निरीक्षण कर प्रवेश द्वार, सड़क के लेवल, आवागमन और कोर्ट रूम की व्यवस्थाएं देखीं। इसके बाद सिहोरा के नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय में स्मार्ट क्लास और प्रयोगात्मक लैब का जायजा लिया। उन्होंने फिनिशिंग का कार्य शीघ्र पूरा कर भवन शिक्षा विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सांदीपनि विद्यालय के सामने बन रहे जनपद पंचायत के नए भवन का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।


