जबलपुर। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने गंभीर अपराधों के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने और अपराधियों की धरपकड़ तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही त्योहारों के दौरान सराफा बाजारों में आर्म्स गार्ड तैनात करने और प्रमुख बाजारों में पुलिस की पैदल गश्त बढ़ाने को कहा।
एसपी ने हत्या, लूट, झपटमारी, नकबजनी, महिला एवं एससी-एसटी एक्ट से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए विवेचना में तेजी लाने के निर्देश दिए। अपहृत नाबालिगों की दस्तयाबी और फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित करने को कहा। साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई तथा सभी थानों में संचालित साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से पीड़ितों को गोल्डन ऑवर में सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
त्योहारों को देखते हुए एसपी ने बाजारों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष यातायात योजना बनाने के निर्देश दिए। संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और डायवर्सन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जाम की स्थिति न बने।
पटाखा दुकानों का संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण करने तथा निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें संचालित कराने के निर्देश दिए। दुकानों में अग्निशमन यंत्र, पानी और रेत की व्यवस्था अनिवार्य रहेगी। वहीं रहवासी क्षेत्रों में पटाखों का अवैध भंडारण मिलने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।


