नई दिल्ली ,16 सितंबर। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में नरमी रहने के बावजूद घरेलू स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई कमी नहीं की जा रही है जिससे इसके दाम शुक्रवार को भी स्थिर रहे। कच्चे तेल की कीमतें लगभग एक सप्ताह से 90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास चल रही हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आज लंदन ब्रेंट क्रूड 0.37 प्रतिशत बढ़कर 91.18 डॉलर प्रति बैरल पर और अमेरिकी क्रूड 0.22 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 85.29 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
घरेलू स्तर पर तेल विपणन करने वाली कंपनी भारत पेट्रोलियम के अनुसार, घरेलू स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल 89.62 रुपये प्रति लीटर पर यथावत है। देश में तीन महीने से अधिक समय से ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। मुंबई में पेट्रोल और डीजल के दाम क्रमश: 106.31 रुपये प्रति लीटर और 94.27 रुपये प्रति लीटर हैं।
देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें मूल्य वर्धित कर (वैट) और माल ढुलाई शुल्क के आधार पर सभी राज्यों में अलग-अलग हैं।


