नई दिल्ली, 25 अप्रैल | दिल्ली में कागज और स्टेशनरी के कारोबारी दुकानें खोलने को लेकर फिलहाल असमंजस में है। एक ओर जहां केंद्र सरकार ने दुकानें खोले जाने को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है ,वहीं इन व्यापारियों को अभी तक दिल्ली सरकार की ओर से ऐसी कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। दिल्ली पेपर मरचेंट्स एसोसिएशन के महामंत्री पीयूष जैन ने कहा, एसोसिएशन के सभी सदस्यों से अनुरोध है कि केंद्र सरकार द्वारा 24 अप्रैल, 2020 को जारी आदेश पर अभी कोई कदम नहीं उठाएं क्योंकि यह आदेश केवल ग्रीन जोन स्थित एकल दुकानों के लिए है। इस आदेश के परिपेक्ष में अभी दिल्ली सरकार इसे नोटिफाई करके एक और आदेश करेगी, उसके आदेश प्रभावी होगा तब तक के लिए कृपया थोड़ी प्रतीक्षा करें।”
दिल्ली में कागज की सबसे बड़ी मार्केट चावड़ी बाजार के सभी व्यापारियों को एसोसिएशन के इस निर्णय से अवगत कराया गया है जिसके बाद यहां कारोबारियों ने फिलहाल दुकान न खोलने का फैसला किया है।
जैन ने कहा, संपूर्ण एवं पूरी सूचना की पुष्टि होने के बाद ही आप लोगों को सारी जानकारी दी जाएगी तथा नियमों से भी अवगत करा दिया जाएगा कि आप अपने प्रतिष्ठान खोल सकते हैं अथवा नहीं। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि यदि दुकानें खोली जा सकती हैं तो हम किन परिस्थितियों में और कैसे खोल सकते हैं। ”
एसोसिएशन ने चावड़ी बाजार के सभी कागज व्यापारियों से कहा है कि जब तक दिल्ली सरकार से कोई नई सूचना नहीं आती तब तक दुकानें, ऑफिस, गोदाम बंद ही रहेंगे।


