संघर्ष प्रकृति का आमंत्रण है जो इसे स्वीकार करता है वही आगे बढ़ता है, मैं अपने संघर्ष की आभारी हूं जिसने आज मुझे इतना सशक्त बनाया है। मैंने अपने संघर्ष की गाथा को संग +हर्ष के रूप में स्वीकारा है। परमपिता परमात्मा के प्रति कृतज्ञ और नमन भाव से यही कहना चाहूँगी कि “कैंसर एक ऐसा रोग है जो जीवन के प्रति संग्राम का पथ प्रशस्त करता है।
” ब्रम्हांड में एक महान शक्ति है.. जिसने इस ब्रम्हांड को अरबों वर्षों से बनाये रखा है.. उस शक्ति पर श्रद्धा रखे, वह शक्ति सब सम्भाल लेगी ”
यह जीवन ईश्वर का अमूल्य उपहार है – सुंदर और अद्भुत, प्रेम और जीवन मूल्यों की गहराईयों से परिपूर्ण। हमारी संवेदनशीलता इसमें है कि जीवन और मृत्यु की सत्यता को स्वीकार करें और एक विशिष्ट अवसर जो तोहफे की तरह जिन्दगी हमें देती है उस अमूल्य जीवन के प्रति आभार व्यक्त करें। बीमारी भी जीवन का एक हिस्सा है इसके माध्यम से ईश्वर हमें चुनौती के रूप में अपने भीतर की महान शक्तियों को पहचानने का अवसर प्रदान करता है। कैंसर जैसी बीमारी भी मेरे जीवन की एक आध्यात्मिक चेतावनी थी जिसने मुझे जीवन को एक भिन्न नजरिए से देखना सिखाया।
मेरे जीवन में कैंसर का प्रवेश वर्ष अगस्त, 2012 में हुआ। जब मुझे Infiltrating ductal carcinoma stage lll का निदान हुआ। यह कैंसर की वह अवस्था थी जिसे सिर्फ सर्जरी के द्वारा ठीक नहीं किया जा सकता था। मेरी बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए 17 कीमोथेरेपी, 3 सर्जरी और 31 बार सिंकाई की आवश्यकता थी। डॉक्टर्स ने बीमारी को आगे बढ़ने से रोकने के लिए ब्रेस्ट सर्जरी(बी. सी. टी.) के साथ ही (ovary) ओवरी को भी रिमूव करना आवश्यक बताया और इस अनचाहे फैसले के लिए मुझे पति का समर्थन मिला। बीमारी के इस अवस्था में पहुंचने के 3 मुख्य कारण थे..
1. जागरूकता का अभाव.
2. शुरुआती लक्षणों को अनदेखा करना. 3. कैंसर विशेषज्ञ की सलाह ना लेना.
ईश्वर के ऊपर अटूट आस्था, आधुनिक चिकित्सा पद्धति और अपने परिवार के सहयोग से मैं एक मजबूत उत्तर जीवी के रूप में उभरी। अपनी सफल रणनीति, दिनचर्या और जीवन शैली की वज़ह से अब मैं पूर्ण रूप से कैंसर मुक्त हो चुकी हूं हालांकि कैंसर से बचाव के लिए नियमित रूप से अभी भी हार्मोन थेरपी के अंतर्गत Tamoxifen टेबलेट और zolydronic acid के injection ले रही हूँ।
मेरी सफल रणनीति..
1. सकारात्मक प्रवृत्ति और दृष्टिकोण..
2. नियमित रूप से चिकित्सीय परामर्श
3. पोषक और शाकाहारी आहार.
4. खुशहाल वातावरण और परिवारिक सहयोग. 5. नियमित योग साधना और अध्यात्म से जुड़ाव.. वर्तमान में कैंसर सपोर्ट ग्रुप के सदस्य जो स्वयं भी इस जानलेवा बीमारी को मात दे चुके हैं.. अब तक 40 से भी ज्यादा जागरुकता कार्यक्रम विभिन्न महिला समूहों, शिक्षण संस्थानों, नर्सिंग कॉलेज और सामाजिक संस्थाओं के लिए किये गये.
नीलम कर्क रोग निवारक सेवा की प्रखर वक्ता और परामर्श दात्री के रूप में आपने विशेष ख्याति अर्जित की है।
परिवार में अपने प्रियजनों को खोने के बाद कैंसर पीड़ितों के लिए पूर्णतः समर्पित होकर आपने जो अविस्मरणीय कार्य किया है. Battling Cancer with Positive Attitude & कैंसर का सामना सकारात्मक दृष्टीकोण से, नीलम की सफल कृति है, जो विभिन्न कैंसर हॉस्पिटल मे उपलब्ध है.
आपने अपने दीर्घकालिक अनुभव के द्वारा लोगों के दुखों को दूर करने का संकल्प लेकर इस पुस्तक के माध्यम से यह बात समझानी चाही है कि – किस तरह अपनी सकारात्मक सोच और जानकारी के माध्यम से आप कैंसर जैसे प्राणघातक रोग पर भी विजयश्री हासिल कर सकते हैं.
मेरा उद्देश्य अपने अनुभव से कैंसर के मरीजों और उनके परिवार वालों को दिशा प्रदान करना है…. ताकि वो कैंसर का सामना एक उम्मीद और साहस के साथ कर सकें।
जीवन की अस्थिरता को देखें यही परम सत्य है यह क्षण दुःखद हो या अप्रिय गुज़र ही जायेगा। जीवन हमें जागरण का संदेश देता है। सतर्क रहना है, जागना है.. आईये हम जीवनशैली के कुछ नियमों को साझा करके खुद भी सतर्क रहें और अन्य लोगों को भी जागरूक करें क्योंकि स्वास्थ्य हमारी सबसे बड़ी सम्पत्ति है.
जीवन की हर समस्या के भीतर एक उपहार छुपा होता है। इसलिए जब भी समस्या आए तो निराश मत होइए, उसका अंत आपकी उम्मीद से भी सुन्दर हो सकता है.
अगर आप खुद पर भरोसा रखें तो सब कुछ सम्भव है। जीवन की चुनौतियों। का सामना सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास से करने से कैंसर ही नहीं.. हम जीवन की हर एक जंग जीत सकते हैं l
लेखक – नीलम शर्मा



1 comment
वाह शानदार