23.4 C
Jabalpur
September 11, 2026
सी टाइम्स
Uncategorized

खेल प्रतिभा श्रुति गुप्ता का विद्युत मुख्यालय में सम्मान, मल्लखंब में बढ़ाया प्रदेश का मान


जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के रतलाम जिले के बिलपांक में पदस्थ कर्मचारी जितेंद्र कुमार गुप्ता की पुत्री श्रुति गुप्ता को खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए जबलपुर स्थित बिजली कंपनियों के मुख्यालय में आयोजित एक सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। श्रुति ने राज्य, राष्ट्रीय एवं अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय स्तर की मल्लखंब प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
समारोह में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी तथा सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता एन. जी. टिकेकर ने श्रुति को प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने उनकी खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने कहा कि श्रुति की उपलब्धियां पूरे विद्युत परिवार के लिए गर्व का विषय हैं और उनकी सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वहीं एन. जी. टिकेकर ने उनकी खेल भावना और समर्पण की प्रशंसा करते हुए निरंतर सफलता की कामना की।
श्रुति गुप्ता ने राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की राज्य स्तरीय मल्लखंब प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया था। इसके बाद उन्हें चेन्नई में आयोजित अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय मल्लखंब चैंपियनशिप में भाग लेने का अवसर मिला। उन्होंने अक्टूबर 2025 में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय मल्लखंब प्रतियोगिता में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
रतलाम के जवाहर मल्लखंब ग्रुप से जुड़ी श्रुति ने एक लोकप्रिय राष्ट्रीय टेलीविजन टैलेंट शो में सामूहिक प्रस्तुति देकर दर्शकों और निर्णायकों को भी प्रभावित किया था। उनकी उपलब्धियों से रतलाम जिले एवं विद्युत विभाग के कर्मचारियों में हर्ष का वातावरण है।

अन्य ख़बरें

Newsdesk

ट्रेन की चपेट में आने से छात्र की मौत, बिलासपुर से लौट रहा था

Newsdesk

2014 के स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने खुद तोड़ा था ‘प्रधानमंत्री’ का सुरक्षा प्रोटोकॉल, ‘मोदी स्टोरी’ ने जारी की वीडियो

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading