Raghvendra Singh IAS MP। बुधवार दोपहर 3:50 बजे नए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह का कलेक्ट्रेट कार्यालय में औपचारिक आगमन हुआ। उनके पहुंचते ही समिति और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने फूल-माला, गुलदस्ते और स्मृति चिन्ह भेंटकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
आगमन के तुरंत बाद ही कलेक्टर सिंह ने जनता से सीधे संवाद की पहल की। परिसर में मौजूद एक परिवार ने बच्ची की स्कूल संबंधी समस्या उनके सामने रखी। सिंह ने ध्यानपूर्वक उनकी बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनकी तत्परता और संवेदनशीलता ने वहां मौजूद लोगों को खासा प्रभावित किया।
स्वागत के बाद नवागत कलेक्टर कलेक्ट्रेट हॉल पहुंचे, जहां उन्होंने जिले का विस्तृत मानचित्र देखा और अधिकारियों से विकास परियोजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक ढांचे और प्राथमिकताओं पर कई सवाल पूछे तथा पारदर्शी और जिम्मेदार कार्यप्रणाली अपनाने की नसीहत दी।
सरल अंदाज़, त्वरित निर्णय क्षमता और जनता से सीधा जुड़ाव कलेक्टर सिंह को चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि उनके नेतृत्व में जिले को नई दिशा मिलेगी और जनसमस्याओं का समाधान तेज़ी से होगा।


