जबलपुर। क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ स्मैक की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी बाबू सोनकर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 41.35 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने बताया कि आरोपी के पास से एक एक्सिस स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नेशनल हाईवे के आसपास ग्राहकों को स्मैक बेचने का काम करता था।
पुलिस को लंबे समय से आरोपी की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे धरदबोचा गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।


